माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिले में थानों के लिए आधुनिक भवनों का निर्माण किया जा रहा है। हाल ही में सेक्टर-13-17 थानों के नए भवन का उद्घाटन किया गया। दूसरी ओर शहर का मॉडल टाउन थाना अब भी जर्जर भवन में चल रहा है। भवन काफी पहले जर्जर घोषित कर दिया गया था। थाने का भवन पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र में पड़ता है। थाने के नए भवन के लिए जगह की तलाश चल रही है। जिस कारण थाने के नए भवन का प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पा रहा। तहसील कैंप थाना भी शहर थाना परिसर में चल रहा है।
पानीपत जिले में ज्यादातर थानों के लिए नए भवन बनाए गए हैं। आधुनिक भवनों को सुविधाओं से भी लैस किया गया है। लेकिन, जिले के कुछ थाने ऐसे हैं जिनके पास अपने क्षेत्र में भवन तक नहीं है। ऐसा ही एक थाना है मॉडल टाउन। करीब आठ साल पहले मॉडल टाउन चौकी को अपग्रेड कर थाना बनाया गया था। शुरूआत में चौकी के भवन में ही थाना चलता था। लेकिन बाद में थाने को पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र में स्थिति पुरानी कोर्ट के भवन में शिफ्ट किया गया था।
यह भवन काफी पुराना है और जर्जर अवस्था में है। कुछ समय पहले भवन को जर्जर घोषित किया जा चुका है। थाने के लिए नई जमीन नए भवन का प्रस्ताव तैयार किया गया था। लेकिन माॅडल टाउन क्षेत्र में अभी तक थाने के लिए नए भवन की जमीन की तलाश की जा रही है। लेकिन अभी तक कोई जमीन नहीं मिली। इसके साथ ही तहसील कैंप थाना भी शहर थाना परिसर में भवन में चल रहा है।
सनौली और साइबर थाने के प्रस्ताव को मंजूरी
सनौली और साइबर क्राइम थाने के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है। सनौली थाने के लिए दो एकड़ जमीन चिन्हिति की गई है। वहीं साइबर क्राइम थाने के नए भवन के लिए सात करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है। पुराने जर्जर भवन को तोड़कर नया आधुनिक भवन बनाया जाएगा।
मॉडल टाउन थाने का भवन जर्जर हो चुका है। थाने के नए भवन की मांग की गई है। साथ ही इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है।
- सुरेंद्र, एसडीओ हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन