माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कर्ण विहार इलाके में तीन तलाक से जुड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाहिता को उसके पति ने पांच महीने पहले तीन तलाक तो दे दिया लेकिन उसे मायके जाने की इजाजत नहीं दी।
मायके पक्ष का आरोप है कि विवाहिता को घर में कैद कर रखा गया। मायके पक्ष ने ये भी आरोप लगाया है कि महिला का पति अपने छोटे भाई से उसका जबरन निकाह कराने की कोशिश कर रहा था। इसकी भनक लगते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और जमकर हंगामा हुआ।
विवाहिता के पिता का कहना है कि उनके समाज के नियमों के मुताबिक तलाक के बाद दोबारा उसी व्यक्ति से शादी संभव नहीं है। इसलिए आरोपी दामाद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। सेक्टर-32 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पीड़िता के पिता ने बताया कि तीन साल पहले उनकी बेटी का निकाह कर्ण विहार के युवक से हुआ था। उसकी एक बेटी भी है। शादी के बाद से ही पति और उसके परिजन परेशान करते रहे। ब्यूरो