संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। दयाल सिंह कॉलेज के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को महाविद्यालय में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। इस मौके पर सड़क सुरक्षा व्याख्यान, साइबर सुरक्षा और ओजोन संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। प्राचार्या डॉ. आशिमा गक्खड़ ने कहा कि हर जीवन अनमोल है, युवा जिम्मेदार बनें और समाज में सुरक्षा व स्वास्थ्य का संदेश फैलाएं। डीएसपी मीना कुमारी ने छात्रों को फिशिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 और पोर्टल www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी। इसी कड़ी में विश्व ओजोन दिवस भी मनाया गया। बीएससी लाइफ साइंस और बीसीए विभाग के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ओजोन परत बचाने और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। अंत में सभी ने ओजोन परत की रक्षा की शपथ ली। इस मौके पर वुमेन डेवलपमेंट सेंटर के अन्य सदस्य डॉ. बलबीर सिंह, डॉ. सारिका चौधरी, डॉ. रचना, डॉ. यशवंती देवी, निकिता आर्य, डॉ. अर्पिता साहनी, विशाल, अंजलि शर्मा और रीना जागलान मौजूद रहे।