संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। काछवा रोड स्थित गांधी नगर में शुक्रवार देर रात को चाकू के 11 वार करके रामनगर की वाल्मीकि बस्ती निवासी अंकुश (22) की हत्या की वारदात को 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। अंकुश ने इलाज के दौरान वारदात में शामिल तीन आरोपियों पीयूष, सोनू और अजू के नाम बताए थे। पुलिस ने मृतक के पिता सुरेंद्र की शिकायत पर तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
वाल्मीकी बस्ती निवासी अंकुश अपने दोस्त मोहित से मिलने के लिए गया था। दोस्त के घर के पास गली में पेशाब करने लगा। वहां पर पहले से माैजूद आरोपी सोनू, पीयूष, अजू और दो अन्य ने उस पर चाकुओं से 11 वार किए थे। चीखपुकार पर आसपास के लोग पहुंचने पर वे भाग गए थे। गंभीर रूप से घायल अवस्था में युवक को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। यहां हालत गंभीर होने पर परिजन उसे निजी अस्पताल में ले गए।
वहां से भी हालत ज्यादा खराब होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। रात को चंडीगढ़ ले जाते समय युवक ने रास्ते में अंकुश ने दम तोड़ दिया था।