माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जवाहर नवोदय विद्यालय की दाखिला प्रक्रिया जारी है। शनिवार को विद्यालय में कक्षा छठी में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। कुल 12 केंद्रों में 3,161 विद्यार्थियों की परीक्षा की व्यवस्था की गई थी। इनमें से 2488 यानी 78.70 फीसदी विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे। सिर्फ 673 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) सग्गा में कक्षा 6 के दाखिले के लिए सभी छह खंडों में केंद्र बनाए गए थे। सुबह ठंड में अभिभावक विद्यार्थियों को केंद्र में लेकर पहुंचे, जहां विद्यार्थियों ने दाखिले के लिए परीक्षा दी, वहीं बाहर ठंड में बैठे अभिभावकों ने बच्चों के भविष्य के लिए इंतजार की परीक्षा दी। प्रिंसिपल अजित कुमार ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई है।
परीक्षा 11:30 से 1:30 बजे तक चली। परीक्षा में केंद्रों पर नकल रोकने के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। पुलिस का पहरा व शिक्षकों की टीमों ने लगातार केंद्र की निगरानी की। जांच के बाद ही विद्यार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा के लिए रिपोर्ट करने का समय सुबह 10 बजे का था। ऐसे में विद्यार्थी 9:30 बजे ही केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। 9:45 बजे केंद्रों के बाहर रोल नंबर की सूची लगा दी गई। परीक्षा के आयोजन को लेकर नोडल अधिकारी के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने भी केंद्रों का दौरा किया।
बेटियों की संख्या अधिक
सग्गा स्थित विद्यालय में कुल 80 सीटों पर दाखिला होना है। यहां दाखिले के लिए बेटियों की 40 सीटें रिजर्व हैं। विद्यालय में दाखिले के लिए कुल आवेदनों में से आधे से ज्यादा बेटियों के रहे। दाखिले के लिए बेटियों में इस बार ज्यादा क्रेज दिखाई दिया। दाखिला मिलने के बाद विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा मिलेगी। इनके रहने, खाने, स्टेशनरी, वर्दी और किताबों का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।
दिव्यांग को 40 मिनट अतिरिक्त मिले
इस बार प्रवेश परीक्षा में दिव्यांग विद्यार्थियों को 40 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। परीक्षा प्रारूप के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को कुल दो घंटे का समय रहा। इस समय में उन्हें कुल 80 प्रश्न पूछे गए। छात्रों को चयन जेएनवीएसटी में उनके प्रदर्शन के आधार पर ही किया जाएगा। प्रश्नपत्र को कुल तीन वर्गों में विभाजित किया गया। जिसमें मानसिक योग्यता परीक्षा, अंकगणित परीक्षा और भाषा परीक्षा के आधार पर सवाल पूछे गए।
विद्यार्थी बोले- आसान रहा पेपर
राजकीय विद्यालय के बाहर छात्रा अर्चना और विवेक बताया कि उनका पेपर अच्छा हुआ है। इसकी पहले से ही तैयार कर चुके थे। स्कूल की छठी कक्षा में प्रवेश मिलने की पूरी उम्मीद है। वे इसकी पिछले छह महीने से तैयारी कर रही थी।
जीजीएमएसएसएस रेलवे रोड करनाल पर रहे सबसे अधिक अनुपस्थित
केंद्र
परीक्षार्थी
उपस्थित
अनुपस्थित
पीएमश्री जीएसएसएस करनाल
336
269
67
जीजीएमएसएसएस रेलवे रोड करनाल
336
250
86
जीजीएसएसएस प्रेमनगर करनाल
325
243
82
देवी अहिल्या बाई होल्कर जीजीएसएसएस घरौंडा
312
260
52
केडीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल घरौंडा
314
254
60
पीएमश्री जीएसएसएस नीलोखेड़ी
192
143
49
एसडीएमएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल नीलोखेड़ी
211
161
50
जीजीएसएसएस असंध
192
142
50
पीएमश्री जीएसएसएस असंध
177
126
51
पीएमश्री जीएसएसएस इंद्री
168
150
18
जीजीएसएसएस इंद्री
183
153
30
जीएमएसएसएसएस निसिंग
415
337
78