असंध में नहर की पटरी पर पुलिस-बदमाश में मुठभेड़, पैर में लगी गोली
बाइक पर भाग रहे बदमाश ने रुकने की चेतावनी पर पुलिस पर किए तीन फायर, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल; पिस्टल और बाइक बरामद
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल।
असंध में सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे जबाला गांव के पास नहर की पटरी पर सीआईए-3 असंध और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखकर बाइक सवार बदमाश भागने लगा। पुलिस ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने बाइक दौड़ाने के साथ पुलिस टीम पर पिस्टल से तीन फायर कर दिए। एक गोली पुलिस की गाड़ी की खिड़की के पास से निकली, जबकि दूसरी आगे की सीट पर बैठे पुलिसकर्मी के कान के पास से गुजर गई। गनीमत रही कि किसी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने काबू कर लिया और उपचार के लिए असंध के अस्पताल में भर्ती कराया।
बदमाश की पहचान हिसार जिले के सिसाय गांव निवासी संदीप के रूप में हुई है। डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि संदीप किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर सीआईए-3 असंध की टीम ने उसकी तलाश शुरू की थी। सोमवार रात टीम को बदमाश के जबाला गांव की तरफ से नहर की पटरी से बाइक पर आने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस ने रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिसकर्मी के कान के पास से निकली गोली
पुलिस के अनुसार बदमाश ने कुल तीन गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली पुलिस की गाड़ी की खिड़की के पास से निकली, जबकि दूसरी आगे की सीट पर बैठे पुलिसकर्मी के कान के पास से निकल गई। फायरिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित रहते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसमें संदीप के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर बाइक समेत नीचे गिर गया। पुलिस ने तत्काल उसे काबू कर लिया। घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पिस्टल और बाइक कब्जे में
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल और बाइक बरामद कर ली। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए और पुलिस की गाड़ी व घटनास्थल की जांच की। पुलिस अब बरामद पिस्टल की भी जांच कर रही है कि उसका इस्तेमाल पहले किसी वारदात में तो नहीं हुआ।
स्नेचिंग के करीब 10 मामले दर्ज
डीएसपी के अनुसार संदीप के खिलाफ स्नेचिंग के करीब 10 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ अन्य आपराधिक मामले भी बताए जा रहे हैं। पुलिस इन मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है।
आरोपी करीब तीन महीने पहले करनाल जेल से बाहर आया था। पुलिस के अनुसार जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था और सोमवार रात भी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
घटना की सूचना मिलने के बाद असंध थाना प्रभारी और सीआईए प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके साथियों, हथियार के स्रोत और हाल में की गई अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।