माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और अक्षय ऊर्जा की दिशा में नगर निगम ने एक और बड़ा कदम उठाया है। फूसगढ़ गोशाला और नंदीग्राम में अब बायोगैस प्लांट स्थापित किए जाएंगे। जिससे न केवल गोबर का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण होगा बल्कि बायोगैस प्लांट से बिजली भी बनाई जाएगी। यह पहल स्वच्छ हरित करनाल परियोजना के अंतर्गत की जा रही है।
नगर निगम के अनुसार, इन दोनों गोशालाओं में करीब एक हजार गोवंश हैं। इनसे प्रतिदिन करीब छह टन गोबर इकट्ठा होता है। इस गोबर से प्रतिदिन लगभग 150 क्यूबिक मीटर बायोगैस उत्पन्न की जा सकेगी। यह बायोगैस सिर्फ ईंधन के रूप में नहीं, बल्कि इससे बिजली भी बनाई जाएगी, जिसका उपयोग गोशालाओं में लगे सीसीटीवी, मशीनें और अन्य आवश्यक बिजली उपकरणों को चलाने के लिए किया जाएगा।
बायोगैस प्लांट से एक ओर जहां ऊर्जा की बचत होगी, वहीं दूसरी ओर मीथेन जैसे हानिकारक गैसों के वातावरण में उत्सर्जन पर भी रोक लगेगी। मीथेन एक अत्यंत शक्तिशाली ग्रीनहाउस गैस है, जिसका असर जलवायु परिवर्तन पर बहुत गहरा होता है। इस प्लांट के माध्यम से इस गैस को नियंत्रित कर पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ भारत मिशन और पर्यावरण संरक्षण जैसे लक्ष्यों को एक साथ साधने वाली साबित होगी। इस नवाचार से गोशालाओं को आर्थिक रूप से भी मजबूती मिलेगी, वहीं शहर को स्वच्छ और हरित शहर बनाने की दिशा में भी बड़ा योगदान मिलेगा। स्थानीय लोगों और गोसेवा से जुड़ी संस्थाओं ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि यह योजना अन्य शहरों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बनेगी।
यह रहेगी प्रक्रिया ः गोबर से बायोगैस बनना एक जैविक अपघटन की प्रक्रिया है। गोबर को एक बायोगैस डाइजेस्टर नामक टैंक में डाला जाता है। वहां ऑक्सीजन रहित वातावरण में बैक्टीरिया गोबर को तोड़ते हैं। इस प्रक्रिया को ऐनएरोबिक डाइजेशन कहते हैं। इसमें मीथेन, कार्बन डाइऑक्साइड और कुछ अन्य गैसें बनती हैं। इस मिश्रण को ही बायोगैस कहते हैं, जिसमें सबसे ज्यादा मात्रा मीथेन की होती है जो ज्वलनशील गैस है। अब इस बायोगैस को जनरेटर में जलाया जाता है।
यह जनरेटर बिल्कुल डीजल जनरेटर जैसा होता है, लेकिन इसमें ईंधन के रूप में बायोगैस का उपयोग होता है। जैसे ही बायोगैस जलती है, वह इंजन को घुमाती है और इससे बिजली पैदा होती है। यह बिजली सीसीटीवी, मशीनों, बल्बों, पंखों आदि चलाने के काम आती हैं।
बायोगैस बनाने के बाद जो ठोस, तरल बचता है, उसे जैविक खाद (स्लरी) के रूप में खेतों में इस्तेमाल किया जा सकता है। मीथेन को जलाकर बिजली बनाने से वायु प्रदूषण और ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी आती है।