सीएचडी सिटी रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विश्राम गृह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलकर अपनी समस्याएं बताईं। नरसी विलेज के लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने कुछ मांगें रखी और उन्हें कॉलोनी में आने के लिए आमंत्रित किया।
सीएचडी सिटी आरडब्ल्यूए के महासचिव जगदीश चंद्र ने मुख्यमंत्री को बताया कि कॉलोनाइजर सीएफएम ने सभी घरों में स्मार्ट मीटर लगा रखे हैं, जिसके जरिए सुबह होते ही बिजली के साथ-साथ अन्य रख रखाव जैसे सीवरेज, पानी के भी पैसे काट लिए जाते हैं लेकिन कोई भी कार्य ठीक से नहीं किया जा रहा है। यहां के बाशिंदों से बिजली की दर हरियाणा विद्युत निगम द्वारा निर्धारित रेट ढाई गुना से भी अधिक वसूली जा रही है। जबकि यहां बिजली के मीटर अंसल टाउन और अल्फा सिटी में भी लगे हैं, लेकिन वहां की दर इतनी नहीं है। सीएचडी सिटी की सड़कों की हालत खराब है। प्रधान ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि वे लोग बिजली के अधिक रेट चार्ज करने की शिकायत एसपी को भेजें, वह इसकी जांच करेंगे और उचित कार्रवाई भी करेंगे। मेयर रेनू बाला गुप्ता और इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप ने भी सीएचडी सिटी को निगम में लेने की भी सिफारिश मुख्यमंत्री के सामने की।
मौके पर सीएचडी सिटी की सह सचिव शीला देवी, ललिता राणा, कुलदीप राणा, ईश्वर सिंह, सतीश आदि शामिल रहे। इसके अलावा नरसी विलेज रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पूर्व प्रधान ईलम सिंह ने यहां के कई लोगों के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर नरसी विलेज के विकास के लिए कई मांगें रखी। मुख्यमंत्री को नरसी विलेज आने का निमंत्रण भी दिया जिस पर मुख्यमंत्री ने उनका आमंत्रण स्वीकार भी किया। ईलम सिंह ने आशा जताई कि सीएम के आने से पहले ही वहां सड़कों आदि की व्यवस्था सुधर जाएगी।