करनाल। हरियाणा बिजली ज्वाइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर जेई उमेद सिंह मलिक के निलंबन को रद्द करवाने के लिए बिजली कर्मियों का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन वीरवार को भी जारी रहा।
धरने की अध्यक्षता सर्कल सचिव चक्रवर्ती शर्मा ने तथा मंच संचालन सर्कल सचिव सतपाल सैनी ने किया। ऑल हरियाणा पावर कॉर्पोरेशन वर्कर यूनियन के राज्य प्रधान एनपवी सिंह चौहान और एचएसइबी वर्कर यूनियन की राज्य कमेटी के उपप्रधान राधा कृष्ण ने बताया कि निगम मैनेजमेंट जानबूझ कर मामले को उलझा रहे हैं और अधीक्षक अभियंता यूएचबीवाइएन करनाल सर्कल में ब्लैक आउट और कैश कलेक्शन बंद करवाना चाहते हैं, क्याेंकि यूनियन ने अभी तक बिजली की शिकायतों और कैश का काम बंद नहीं किया है।
राज्य कमेटी बिजली ज्वाइंट एक्शन ने पूरे हरियाणा में पांच और छह फरवरी को दिन की दो-दो घंटे की हड़ताल और गेट मीटिंग की है और ज्वाइंट एक्शन कमेटी राज्य कमेटी आगामी आंदोलन की रूप रेखा तैयार करने के लिए मीटिंग करके आंदोलन की घोषणा करेंगे। राज्य उपप्रधान एनपी सिंह चौहान और राधाकृष्ण ने बताया कि जेई उमेद सिंह मलिक की ड्यूटी इंडस्ट्रियल एरिया में है और ईमानदारी से काम करता है।
उमेद सिंह मलिक एचयूईबी के सिटी यूनिट का सचिव भी हैं। इसलिए निगम के आला अधिकारियों के इशारे पर उमेद सिंह मलिक को बदले की भावना से तंग कर रहे हैं और झूठी व मनगढंत शिकायत करके उनका निलंबन करवाया है। उन्होंने कहा कि यदि अधीक्षक अभियंता की हठधर्मिता के चलते करनाल में ब्लैक आउट होता है या कैश कलेक्शन बंद होता है और जिला करनाल की जनता को कठिनाइयों का सामना करना पडता है तो इसके जिम्मेदार अधिकारी होंगे।
धरने को जिला प्रधान ओमप्रकाश सिंहमार, वेदप्रकाश शर्मा, ज्ञानचंद, कृपाल सिंह, मुकेश जांगडा, विनोद जिंदल, कृष्ण अत्री, महावीर सिंह, राजेश बूरा, गुरनाम सिंह और बाबूराम सदस्यों ने संबोधित किया।