संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बिजली का नया कनेक्शन लेने के लिए अब कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की वेबसाइट पर उपभोक्ता अटल सेवा केंद्र या सीएससी पर ऑनलाइन आवेदन करा सकते हैं। निगम की ओर से एक सप्ताह में नया कनेक्शन अलॉट कर दिया जाएगा।
जिले के सेक्टर-12 स्थित बिजली निगम के मुख्य कार्यालय में भी उपभोक्ता सहायता केंद्र बनाया गया है। यहां आकर भी नया बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकता है। बिजली निगम की ओर से किलोवाट लोड के अनुसार लगाए गए शुल्क के अलावा कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होगा। यदि किसी कारणवश उपभोक्ता को नया कनेक्शन अलॉट नहीं किया जाता है व ऑनलाइन आवेदन पर कोई आपत्ति दर्ज की जाती है तो निगम की ओर से 50 रुपये काटकर बकाया राशि उसी खाते में स्थानांतरित कर दी जाएगी। बिजली निगम की वेबसाइट पर जनवरी से अभी तक 1248 आवेदन आए हैं, 1218 उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन अलॉट हुए हैं। 30 उपभोक्ताओं को किसी आपत्ति के कारण कनेक्शन अलॉट नहीं हो पाए हैं।