करनाल। शहर को 24 घंटे निर्बाध बिजली देने के लिए बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि मेरठ रोड, जीटी रोड और ओल्ड कुंजपुरा रोड पर बिजली के तारों को भूमिगत किया जा रहा है। वहीं शिव कॉलोनी में करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी का नया सब-स्टेशन बनाया जाएगा। विधायक वीरवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से आयोजित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जन-जागरूकता शिविर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि करनाल शहर में लाइन लॉस कम करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन की बिजली संबंधी शिकायतों का समयबद्ध समाधान हो, इसके लिए विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से गरीब और मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी। मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि सरकार के कार्यकाल में बिजली क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। वहीं यूएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। ब्यूरो