संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अब बिजली उपभोक्ता अपने बिल का भुगतान ऑफलाइन माध्यम से किसी भी जिले में करा सकेंगे। यह सुविधा उन सभी ऑफलाइन बिजली उपभोक्ताओं के लिए सही रहेगी जो ऑनलाइन पैसे जमा नहीं करा सकते। ऐसे उपभोक्ताओं के नाम दो जिलों में बिजली कनेक्शन हैं और वहां पर बिल जमा करवाने के लिए जाना पड़ता हो।
बिजली निगम मुख्यालय की ओर से यह सुविधा दी गई है कि उपभोक्ता अगर राज्य के किसी भी कोने में है और वह विलंब भुगतान से बचना चाहता है तो वह अब किसी भी बिजली के निगम कार्यालय के काउंटर पर जाकर अपना बिजली का बिल समय से जमा करवा सकता है। बिल का भुगतान करने पर उपभोक्ता को रसीद भी दी जाएगी।
करनाल में ऐसे दो माह में 18 सब डिवीजनों में करीब 146 केस ऐसे आएं हैं, जिन्होंने राेहतक, पानीपत, सोनीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला के बिजली बिल करनाल बिजली निगम के काउंटर पर से भरे हैं। उपभोक्ता अब इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं। बता दें कि बिल जमा करने का दूसरा विकल्प ऑनलाइन भी हैं, लेकिन कई बार पेमेंट कट जाती है और उपभोक्ता का बिल जमा नहीं होता। इसके बाद उसे बैंक व निगम के धक्के खाने पड़ते हैं और इसका निगम के पास कोई सबूत नहीं होता है।
उपभोक्ता बिजली का बिल भरने के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से बिल जमा करवा सकते हैं। अगर कोई उपभोक्ता ऑफलाइन बिल भरना चाहता है तो वह उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यालय में प्रदेश के किसी भी जिले में बिल का भुगतान कर सकता है। - नसीब सिंह, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम