कुरुक्षेत्र में बिजली निगम ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं से रिकवरी के लिए सख्त रवैया अपना लिया है। अब बिल भरने में देरी करने वाले उपभोक्ताओं से रिकवरी के लिए धड़ाधड़ बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
जिला भर में ये कार्रवाई जारी है, कई सरकारी विभाग और वीवीआईपी लोगों के बिजली कनेक्शन इसी वजह से काटे जा रहे हैं। इधर अजराना कलां सब डिवीजन ने भी दो करोड़ रुपये की रिकवरी के आदेश जारी किए हैं। भारी भरकम इस रिकवरी के लिए बिजली निगम के अधिकारियों को हाथ पांव तो फूले हुए हैं।
निगम के उच्चाधिकारियों का कड़ा रुख देखते हुए जहां उक्त क्षेत्र में रिकवरी न होने पर 140 कनेक्शन काट जा चुके हैं, वहीं मुश्किल उन सरकारी महकमों और प्रभावशाली लोगों के कनेक्शनों में आ रही है, जिनका न तो जल्द बिजली बिल चुकता होने की उम्मीद है और न ही इनका कनेक्शन काटा जा सकता।
हालांकि बिजली निगम इन सब बातों से मुंह फेरते हुए अपनी कार्रवाई पर फोकस करके रिकवरी या कनेक्शन काटने पर ही जुटी हुई है।
एसडीओ ओपी हुड्डा ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक चल रहे व कट चुके विभिन्न कनेक्शन उपभोक्ताओं से करीब दो करोड़ रुपये की रिकवरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कनेक्शन काटने से पहले नोटिस दिए जा रहे हैं और फिर भी पैसे नहीं देने पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं। पुलिस
सिंचाई विभाग के माइनर का कनेक्शन काटा
सलपानी कलां में सिंचाई विभाग के माइनर का कनेक्शन भी काट दिया गया। इसके चलते पशुओं का पेयजल और खेतों में सिंचाई के लिए भेजा जाने वाला पानी भी बंद हो गया।
कनेक्शन कटने से छह गांव के पशु, खेत प्रभावित
सलपानी कलां स्थित सिंचाई भिाग के माइनर का कनेक्शन कटने से गांव भूस्तला, झांसा, गोगपुर, झींवरहेड़ी और सलपानी कलां में पशुओं को पिलाने वाले पेयजल और खेतों में सिंचाई के लिए पानी व्यवस्था बाधित रही।