सेक्टर-13 स्थित 1308 कोठी में वित्तीय विभाग के रिटायर्ड अधिकारी की बुजुर्ग पत्नी मूर्ति देवी-75 वर्षीय का शव बंद कमरे में मिला। शव से बदबू आने के बाद पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बाद में बिना किसी पुलिस कार्यवाही के परिजन महिला का शव अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव कालरम ले गए।
परिजनों के अनुसार 16 अप्रैल की शाम को उनकी मूर्ति देवी से बात हुई थी। उस समय वह ठीक थी। इसके बाद 17 अप्रैल को दूधिया सुबह दुध देने आया तो महिला ने गेट नहीं खोला। फिर 18 अप्रैल सुबह दूधिया आया तो महिला ने गेट नहीं खोला। इसके बाद उसी कोठी में किराये पर रहने वाले किरायेदारों ने देखा कि महिला मृत अवस्था में पड़ी है और कमरे से बदबू आ रही है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को और महिला के परिजनों को इसकी सूचना दी। महिला का बड़ा बेटा हरजीत सिंह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में फाइनेंस आफिसर है तो छोटा बेटा बैंक में मैनेजर है, जो सेक्टर-32 करनाल में ही रहता है। मृत महिला के पति लखी राम फाइनेंस विभाग में वरिष्ठ अधिकारी थे और 2009 में उनकी मौत हो गई थी।
भरा पूरा परिवार, फिर भी गुमनाम मौत
बुजुर्ग महिला का भरा पूरा परिवार होते हुए भी अंतिम समय में उसकी गुमनाम मौत लोगों में चरचा का विषय बनी रही। लोगों का कहना है कि जानें क्या मजबूरी थी कि करनाल और कुरुक्षेत्र में बेटों का परिवार होने के बावजूद उसे अकेला रहना पड़ रहा था। बुजुुर्ग महिला की मौत के दो दिन बाद पड़ोसियाें से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन बदबू के कारण शव के पास जाना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में पुलिस ने जन सेवा दल टीम के राजकुमार को सूचना दी। उन्होंने शव को कमरे से निकाला और एंबुलेंस में रखवाया। इसके बाद परिजन शव को अपने गांव कालरम ले गये।
ऐसे ही रिटायर्ड स्कूल प्रिंसिपल का मिला था शव
बता दें 12 फरवरी को इसी तरह सेक्टर-14 हाउस नंबर-69 में रिटायर्ड स्कूल प्रिंसिपल चंचल शर्मा का शव मिला था, जिसे जानवरों ने नोचा हुआ था। उनके पति की भी मौत हो चुकी थी और वह भी उस मकान में कई सालों से अकेली रहती थीं। पड़ोसियों को बदबू आने पर ही पुलिस मौके पर पहुंची थी।
परिजनों ने कोई कार्रवाई नहीं कराई है। शव की हालत देखकर लग रहा है कि महिला की मौत 16 अप्रैल की रात को ही हो गई थी। शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। वह उसे गांव लेकर गये हैं, ताकि वहां अंतिम संस्कार किया जाये। -जितेंद्र सिंह, सेक्टर-13 चौकी प्रभारी।