करनाल/निसिंग। बच्चों की स्कूल फीस और घर का बिजली बिल भरकर बाइक से गांव लौट रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग गांव चकदा पिंड निवासी गुरमीत सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। निसिंग-कैथल रोड पर वीरवार दोपहर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। हादसे में बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से भाग गया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि वीरवार दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच गुरमीत सिंह बच्चों की स्कूल फीस और बिजली का बिल जमा कराने के लिए निसिंग आए थे। दोनों काम निपटाने के बाद वह बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान निसिंग-कैथल रोड पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। खंभे से टकराने के कारण गुरमीत सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्राथमिकी दर्ज
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच अधिकारी ऋषिपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चालक का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।