गांव बालू में मुकदमे में समझौता न करने पर बुजुर्ग पर तलवार व गंडासी से वार कर हत्या कर दी गई। बुजुर्ग बघेल सिंह खेतों में पशुओं के लिए चारा लेने गया था। पुलिस ने मृतक के बेटे आजाद सिंह के बयान पर सात लोगों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। आजाद सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी संदीप के साथ उनका पुराना झगड़ा है। यह मामला कोर्ट में चल रहा है। आरोपी पक्ष उन पर समझौता करने का दबाव डाल रहा था। जब उसके पिता ने समझौता करने से इनकार किया तो वह धमकी देने लगे। कई दिन पहले आरोपी संदीप की माता व उसके जीजा ने उसे व उसके ताऊ को जान से मारने की धमकी दी थी। 13 अप्रैल को सूखा सिंह ने कहा कि हम संदीप के साथ हैं और तुम्हें जान से मार देंगे। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उसके पिता बघेल सिंह (60) बाइक पर सवार होकर खेत में गए थे, उसके पीछे अपने ताऊ के साथ वह भी बुग्गी लेकर गया था। जब दोनों खेत से कुछ दूरी पर थे। उसी समय संदीप सिंह, सूखा सिंह, गुरलाल सिंह निवासी बालू व मेहताब सिंह, गुलाब सिंह, लक्खा सिंह निवासी बहलोलपुर व विरेंद्र सिंह उमेदपुर निवासी सीवन ने उन पर तलवारों, गंडासी व डंडों से हमला कर घायल कर दिया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने हमला कर बालू निवासी व्यक्ति को घायल कर दिया था। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के बेटे के बयान पर सात लोगों को विभिन्न धाराओं के तहत नामजद किया गया। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन कर जांच तेज कर दी है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
-ऋषिपाल, थाना प्रभारी निसिंग