माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कोरोना का असर सीबीएसई टर्म एक के 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम पर भी पड़ा है। पिछले साल नवंबर से दिसंबर तक इन दोनों कक्षाओं की परीक्षा हुई थी। अनुमान था कि 15 जनवरी तक परिणाम जारी होंगे लेकिन कोरोना के चलते परिणाम तैयार नहीं हो सका। ऐसे में परिणाम तय समय में जारी नहीं हो सका। फिर भी बोर्ड जल्द नतीजे जारी करने की कोशिश में है। अनुमान है कि फरवरी की शुरुआत में परिणाम जारी हो जाएगा लेकिन इसको लेकर अभी कोई अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
बोर्ड परीक्षा के नतीजों का छात्र बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। छात्र अपने परिणाम से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार नजर बनाए रखें। छात्रों को उनके स्कूलों की तरफ से भी परिणाम को लेकर सूचना दी जाएगी। इधर 10वीं और 12वीं के छात्रों की तरफ से मार्च-अप्रैल में आयोजित होने वाली टर्म 2 बोर्ड परीक्षा की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। छात्र टर्म 2 परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अभ्यास कर हैं।
वेबसाइट के अलावा यहां देख सकेंगे परिणाम
परिणाम जानने के लिए विद्यार्थी बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट के अलावा उमंग और डिजिलॉकर जैसे प्लेटफार्म पर भी जा सकते हैं। विद्यार्थियों को डिजिलॉकर या इसकी वेबसाइट डीआईजीआईएलओसीकेईआर.जीओवी.इन पर भी अपने अंक दिखाई देंगे। इसके जरिए वे अपनी मार्कशीट, प्रमाण पत्र व माईग्रेशन प्रमाण पत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसी तरह इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम और एमएमएस के माध्यम से भी परिणाम जान सकते हैं।
टर्म दो परीक्षा की तैयारी के लिए जारी हो चुके सैंपल पेपर
सीबीएसई ने मार्च-अप्रैल में संभावित टर्म 2 बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए सैंपल पेपर जारी कर दिए हैं। 10वीं और 12वीं के छात्र विभिन्न विषयों के सैंपल पेपर को अधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। फिजिक्स के सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम को वेबसाइट में जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। छात्रों को टर्म 2 बोर्ड परीक्षा के प्रेक्टिकल पेपर के पाठ्यक्रमों को भी जारी किया है।
अभी तक टर्म-1 का परीक्षा परिणाम तैयार नहीं हुआ है। 15 जनवरी को परिणाम जारी होना था लेकिन कोरोना के कारण शेड्यूल बिगड़ गया। फरवरी के प्रथम सप्ताह में परिणाम जारी होने का अनुमान है।
- डॉ. राजन लांबा, अध्यक्ष, सहोदय स्कूल कांप्लेक्स