ग्राम पंचायत कैरवाली ने ग्रामीणों की सहमति से गांव के सरकारी स्कूल के हालात बदलने व प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर सभी सुविधाएं देने का फैसला लिया है। स्कूल में पंचायत अपने स्तर पर स्टाफ की पूर्ति करेगी, ताकि सरकारी स्कूल के बच्चों को भी अच्छी शिक्षा मिल सके। इस संबंध में गांव कैरवाली के राजकीय प्राइमरी स्कूल में सरपंच संजू कुमार ने बैठक की।
उन्होंने बताया कि गांव के सरकारी स्कूलों में आज कोई अभिभावक अपने बच्चों को पढ़ने के लिए नही भेजना चाहता। जिसका कारण अधूरा स्टाफ और अन्य मूलभूत सुविधाएं न होना है। सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़े। इसके लिए ग्राम पंचायत ग्रामीणों के सहयोग से स्कूल के हालात सुधारेगी।
जिसके लिए ग्राम पंचायत सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले गरीब बच्चों को जरूरी सुविधाएं दी जाएगी। इसके साथ ही स्कूल में अध्यापकों की कमी को पूरा करने के लिए पंचायत अपने स्तर पर गेस्ट टीचर रखने का प्रयास करेगी और स्कूल में होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रबंध करेगी। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसका एक सदस्य स्कूल में दौरा कर गतिविधियों का जायजा लेगा और उसकी रिपोर्ट ग्राम पंचायत को सौंपेगा।