माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर के महात्मा गांधी चौक पर रविवार देर रात गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में सवार व्यक्ति घायल हो गया। टक्कर के बाद चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया।
हादसा महिला थाना, थाना सदर और थाना सिविल लाइन के सामने स्थित महात्मा गांधी चौक पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार गलत दिशा से तेज गति में आ रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई थी। स्थानीय लोगों ने घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रामलाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चालक की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।