फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: निसिंग के लिए चलेगी ई-बस, आरामदायक सफर का ट्रायल शुरू

विज्ञापन
निसिंग के लिए चलेगी ई-बस, आरामदायक सफर का ट्रायल शुरू
विज्ञापन
गगन तलवार
विज्ञापन

करनाल। कुंजपुरा और तरावड़ी मार्ग पर सफलता के बाद इलेक्ट्रिक शहरी बस सेवा का निसिंग तक विस्तार किया जा रहा है। ट्रायल शुरू कर दिया गया है। एक माह के ट्रायल के दौरान यदि सवारियों की संख्या उचित रहती है तो रोडवेज की ओर से इस मार्ग पर स्थायी तौर पर बस चलाने का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल एक बस रोजाना सुबह 7:16 बजे चलाई जा रही है। 40 मिनट के सफर में 25 जगह ठहराव दिया गया है।

करनाल से निसिंग तक के सफर में एक तरफ का किराया 45 रुपये रखा गया है। रोडवेज की ओर से बनाए गए रूट चार्ट के अनुसार, करनाल के पुराने बस अड्डे से चलने के बाद बस सुबह 7:56 बजे निसिंग बस अड्डे पहुंच जाएगी। वहां पर 10 मिनट के ठहराव के बाद 8:06 बजे वापसी के लिए रवाना होगी। सुबह 8:46 बजे करनाल पहुंचेगी। यदि सवारियों की संख्या ठीक रही तो नई बसें आने के बाद निसिंग के लिए ई-बस सुविधा हर एक घंटे बाद दी जा सकती है।
विज्ञापन


निसिंग मार्ग पर इलेक्ट्रिक बस चलने से इसकी कनेक्टिविटी कैथल राजमार्ग से होगी। यह पहली ई-बस है, जो पुलिस लाइन, रेलवे लाइन पार क्षेत्र, चिड़ाव मोड और कैथल राजमार्ग पर पड़ने वाले गांवों के लोगों को आरामदायक सफर देगी। तरावड़ी और कुंजपुरा मार्ग पर भी ई-बस की सुविधा पहले से दी जा रही है। कुंजपुरा मार्ग पर हर आधे घंटे बाद बस की सुविधा है तो तरावड़ी मार्ग पर हर 2 घंटे बाद एक बस चल रही है। कुंजपुरा की बस शहर के प्रमुख क्षेत्रों से जाती है तो वहीं तरावड़ी की बस नेशनल हाईवे-44 और नए बस अड्डे को जोड़ती है।

करनाल में आनी हैं 45 और ई-बस
करनाल रोडवेज को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। वर्ष 2024 में प्रदेश सरकार की ओर से करनाल को पांच बसें दी गई थीं। अभी 45 बसें और दी जानी हैं। करनाल में नए बस अड्डे के पास ही बलड़ी के नजदीक इलेक्ट्रिक बस टर्मिनल बनाया जाना है। इसके लिए कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

10 रुपये है बस का न्यूनतम किराया

इलेक्ट्रिक बस इंचार्ज सुमित राणा के अनुसार, न्यूनतम 10 रुपये से लेकर अधिकतम 45 रुपये तक किराया रखा गया है। पहले चार किलोमीटर पर किराया 10 रुपये है, इसके बाद हर चार किलोमीटर बढ़ने पर पांच रुपये किराया बढ़ता जाएगा। बीच रास्ते के किसी भी ठहराव से चढ़ने वाली सवारी का किराया, उसके आगे के ठहराव और किलोमीटर के हिसाब से तय होगा।
विज्ञापन



-फिलहाल निसिंग के लिए शहरी बस सेवा के रूप में एक इलेक्ट्रिक बस का संचालन ट्रायल के तौर पर शुरू किया है। कुंजपुरा व तरावड़ी मार्ग जैसा रुझान इस मार्ग पर मिला तो सेवा को स्थायी कर दिया जाएगा। नई बसें आने के बाद बस सेवा में विस्तार करेंगे। - कुलदीप सिंह, जीएम रोडवेज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें