संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। रेत‑मिट्टी से लदे भारी वाहनों के कारण सड़कों पर जाम और धूल‑प्रदूषण से जनता परेशान है। आम आदमी पार्टी और काम्बोज आवाज मंच के पदाधिकारियों ने वीरवार को एसडीएम अनिल यादव को ज्ञापन सौंप कर इन वाहनों को रोकने और सड़कों के सुधार की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि भारी वाहनों के कारण क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर जाम लग रहा है। सड़कें टूट रही हैं और धूल से फसलों व लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आप नेता प्रदीप काम्बोज, हवा सिंह कमालपुर, कृष्ण छापर, सुशील काम्बोज, नवीन रिंडल, कृष्ण कुमार और धर्मबीर ने कहा कि अगर प्रशासन ने ओवर लोडेड वाहनों पर तीन दिन के भीतर कोई कार्रवाई नहीं की तो कड़ा कदम उठाया जाएगा।
वहीं, दूसरी तरफ ओवरलोडेड वाहनों से परेशान इंद्री के गढ़ी बीरबल में ग्रामीणों ने राज्य मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और अधिकारियों व विधायक पर जनता को परेशानी में डालने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल रोक और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की मांग की। एसडीएम अनिल यादव ने आश्वासन दिया कि समस्या को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।