करनाल। इंद्री रोड पर दरड़ गांव के अड्डे के पास रेत-मिट्टी से भरे डंपर का डाला उठा होने के कारण बिजली के कई खंभे और तारें टूट गईं। एक खंभा दुकान के ऊपर जा गिरा। दुकानदार के परिवार के सदस्य और बच्चे मौजूद थे, जो बाल-बाल बचे। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से भाग गया।
स्थानीय निवासी रोहित के अनुसार, डंपर का पिछला डाला काफी ऊंचाई तक उठा हुआ था। इसी हालत में वह सड़क पर आगे बढ़ रहा था। रास्ते में ऊपर से गुजर रही बिजली की तारें और खंभे उसकी चपेट में आ गए। दरड़ अड्डे से इंद्री और लाडवा की ओर जाने वाले मार्ग पर कई खंभे और तारें टूट गईं। एक खंभा दुकान के ऊपर गिरने से सामान और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लाइन बंद करवाई। इसके बाद क्रेन की मदद से गिरे खंभों और तारों को हटाने का काम शुरू किया गया।
सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।