तरावड़ी। तरावड़ी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण एक कैंटर संतुलन बिगड़ने से पलट गया। कैंटर के पलटते ही पीछे से आ रही एक कार उसमें जा टकराई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। गनीमत रही कि दोनों वाहनों में सवार लोग सुरक्षित रहे।
सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे हादसा हुआ। दिल्ली की ओर जा रहा एक कैंटर में बड़े-बड़े पोली रोल भरे हुए थे। घने कोहरे के कारण चालक को आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया, इससे कैंटर असंतुलित होकर पलट गया। कैंटर के पलटते ही पीछे से आ रही एक कार उससे टकरा गई। टक्कर के कारण कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए अन्य वाहनों को धीमी गति से निकालने में मदद की ताकि कोई दूसरा हादसा न हो। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे पर फैले पोली रोल को हटवाने की व्यवस्था की गई। हाइड्रा की मदद से कैंटर में भरे सभी पोली रोल को निकालकर डिवाइडर के बीच सुरक्षित रखा गया। इसके बाद कैंटर को सीधा कर सड़क किनारे खड़ा कराया गया। तरावड़ी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि कैंटर का संतुलन बिगड़ऩे से यह हादसा हुआ है। कैंटर और कार चालक दोनों सुरक्षित हैं।