संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बुधवार की शाम 30 मिनट की आंधी से करनाल शहर में चार और देहात में करीब नौ घंटे तक बिजली ठप रही। कई क्षेत्रों में तो वीरवार सुबह बिजली को सुचारू किया जा सका।
निसिंग, असंध, मूनक में पांच मकान गिर गए। एक मकान के मलबे में दबकर महिला घायल हो गई। जिले में 421 बिजली के खंभे और 250 पेड़ गिर गए। 130 ट्रांसफार्मर खराब हो गए।
धूलभरी आंधी के बाद बारिश शुरू हो गई, जो एक घंटे तक होती रही। हालांकि निसिंग, घरौडा, मूनक आदि क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। शहरी क्षेत्र में बिजली के खंभे गिरे और ट्रांसफार्मर खराब हुए, जिसके कारण हांसी रोड, सदर बाजार, सुभाष कॉलोनी सहित अन्य इलाकों की बिजली बाधित रही।
कुछ गांवों में सुबह बिजली आ सकी। बिजली विभाग के अधिकारियों ने दावा किया कि 421 खंभे गिरे हैं और 130 ट्रांसफार्मर खराब हुए हैं, जिससे करीब 1.25 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है।
हांसी रोड पर लगा ट्रांसफार्मर शाम सात बजे से खराब हो गया था। लोगों ने इसकी शिकायत की लेकिन फिर भी कई घंटे के बाद बिजली को सुचारू किया जा सका। हांसी रोड, सुभाष कॉलोनी और लव कुश कॉलोनी में सुबह तक कट लगते रहे।
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि आंधी में निसिंग, असंध, संगोहा, नेवल, जुंडला में भी नुकसान हुआ है।