माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नशे की हालत में माल रोड पर कार को तेज रफ्तार से चलाते हुए युवकों ने तीन बाइकों पर सवार लोगों को टक्कर मार दी। तीनों बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दो युवक अभिषेक और दिलखुश घायल हैं। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वीरवार की रात को माल रोड पर डीसी एवं एसपी आवास के नजदीक एक तेज रफ्तार कार ने जमकर उत्पात मचाया। आंबेडकर चौक से काछवा की ओर जा रही कार ने तीन बाइकों को टक्कर मारी। हादसे में दो युवक घायल हो गए। जांच अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि एसपी आवास से पहले कार का टूटा हुआ बंपर और क्षतिग्रस्त बाइक बरामद हुई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो गाड़ी को आगे जाते देखा गया। सिविल लाइन थाना के प्रभारी रामलाल ने बताया कि कार की रफ्तार तेज होने के कारण उसका टायर फट गया था, रामनगर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार को पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार माल रोड पर हादसे के बाद कार चालक रुका। लोगों ने उसको पकड़कर पिटाई कर दी थी। वह नशे की हालत में था। हालांकि बाद में उसे जाने दिया गया था। घायलों की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी बोला, कूद कर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शी अनुज, रमेश और रामकुमार के अनुसार कार में तीन लोग सवार थे। नशे में थे। स्कूटी चालक मनोहर ने बताया कि वह नहर के पुल पर था, तभी पीछे से कार ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने कूदकर जान बचाई। जब वे माल रोड पहुंचे तो देखा कि वही कार अन्य बाइकों को टक्कर मार चुकी थी। लोगों ने बताया कि कार उल्टी दिशा में आ रही थी। सामने जो भी आया, उसे कुचलती चली गई।