संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पंजाब व हरियाणा में नशा तस्करों को नशे की खेप उपलब्ध कराने वाले बड़े नशा तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की सीआईए वन की टीम आरोपी को मध्यप्रदेश से पकड़कर लाई है। एसपी दीपक सहारन के अनुसार सीआईए वन टीम ने 25 अप्रैल की रात को दो आरोपी गौरव कुमार निवासी गांव मंडवाल जिला कैथल और विक्रम निवासी गांव राहड़ा जिला करनाल को 17 किलो डोडा चुरापोस्त व एक मोटरसाइकिल के साथ काबू किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया और छह दिन के रिमांड पर लिया गया।
सीआईए वन इंचार्ज उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह नशे की इस खेप को मध्यप्रदेश से लेकर आए थे। इसके बाद उप निरीक्षक गुरजीत सिंह की अध्यक्षता में उनकी टीम दोनों आरोपियों को लेकर मध्यप्रदेश पहुंची। 30 अप्रैल को टीम ने आरोपियों की निशानदेही व पहचान के आधार पर ददौला रेलवे स्टेशन जिला मनसौर से आरोपी राहुल निवासी पाडील्या लाल मूंह जिला मनसौर मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।