माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मौसम का मिजाज वीरवार की से मध्यरात्रि से बदल गया। गरज चमक के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई जिससे लोगों को रात्रिकालीन गर्मी से कुछ राहत मिली।
दिन में आसमान पर हल्के बादलों की आवाजाही के कारण तापमान स्थिर रहा। शुक्रवार से बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ-साथ कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना बन रही है। जिसके कारण रात्रिकालीन तापमान में इजाफा होने जबकि दिन के तापमान में आंशिक कमी आने की संभावना है। वीरवार को एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम के मिजाज में बदलाव देखा गया है। दिन के समय धूल भरी तेज हवाएं भी चलीं, जिससे वातारण में धूल के कारण धुंधलापन रहा। आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही भी रही, जिसके कारण तापमान में ठहराव देखा गया। सीएसएसआरआई करनाल की जिला मौसम वेधशाला में वीरवार को अधिकतम तापमान 35.6, जो सामान्य से 2.2 कम है, लेकिन न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दो मई से आसमान पर बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है।