संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सरकार की ओर से नगर निगम करनाल क्षेत्र की वार्डबंदी का प्रारूप तैयार कर अधिसूचना जारी कर दी गई है।
इस अधिसूचना को नगर निगम करनाल की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। प्रारूप को लेकर आमजन के सुझाव एवं आपत्ति मांगी गई हैं। जिसे 18 दिसंबर तक दर्ज कराया जा सकता है।
अगर किसी व्यक्ति का कोई सुझाव, दावा या आपत्ति है, तो वह उसे उपायुक्त कार्यालय, नगर निगम करनाल या उप मंडलाधीश कार्यालय में 18 दिसंबर तक शाम चार बजे तक अपना सुझाव, दावा या आपत्ति जमा करवा सकता है।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि इसके बाद उपायुक्त करनाल द्वारा नियुक्त किए गए अधिकारी 19 दिसंबर को पेश हुए सुझाव, दावा या आपत्ति की सुनवाई करेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके पश्चात उपरोक्त सुझाव, दावा या आपत्ति पर निर्णय लेकर हरियाणा सरकार को अंतिम अधिसूचना हेतु प्रेषित किया जाएगा। विदित हो कि करनाल नगर निगम में वर्तमान में 20 वार्ड हैं। वार्डों की संख्या इतनी ही रहेगी। लेकिन इनमें जनसंख्या के हिसाब से क्षेत्र बड़ा या छोटा हो सकता है। प्रदेश में निकाय चुनाव की तैयारी काफी समय से चल रही है। बताया जा रहा है कि हरियाणा में दो चरणों में निकाय चुनाव होंगे।