संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जींद रोड बंदराला बस स्टैंड के समीप शुक्रवार देर शाम नीलगाय के कारण हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले डॉ. मोहित सैनी की एक साल पहले शादी हुई थी। वह कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में फॉरेंसिक में पीजी कर रहे थे और परिणाम भी आने वाला था। वह मूल रूप से कुरुक्षेत्र के बीड मथाना गांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी भी मेडिकल ऑफिसर है और भाई भी मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है।
वहीं डॉ. विजय पाल 2017 में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में आए थे। सात साल से वह यहां सेवाएं दे रहे थे। उनकी पत्नी भी रोहतक पीजीआई में न्यूरो विभाग की एचओडी हैं। इनके दो बच्चे हैं जो मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। शनिवार को पोस्टमार्टम कर दोनों के शवों को परिजन ले गए। डॉ. विजयपाल का अंतिम संस्कार रोहतक में व डॉ. मोहित का अंतिम संस्कार बीड मथाना गांव में किया गया। वहीं अन्य चार डॉक्टरों की हालत ठीक है। डॉ. गौरव की रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है। असंध थाना प्रभारी राकेश राणा ने बताया कि दोनों मृतक डॉक्टरों के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिए हैं।