संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में कैंसर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। महिलाओं में स्तन कैंसर और पुरुषों में गले और मुंह के कैंसर के रोगी बढ़ रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल से वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलबीर ने बताया कि गांठ, त्वचा में बदलाव जैसे लक्षण दिखें तो नजरअंदाज न करें। जांच कराएं, ये कैंसर के लक्षण हो सकते हैं।
एनसीडी के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 और 2025 में अब तक करीब 50 तरह के कैंसरों की पुष्टि हुई है। इनमें वर्ष 2024 में कुल 890 कैंसर पीड़ित, जबकि जनवरी 2025 से अब तक 801 मरीज विभिन्न श्रेणियों में सामने आ चुके हैं। इनमें से 206 महिलाएं स्तन कैंसर के स्टेज एक और दो पर हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 195 थी। गले और मुंह के कैंसर के भी 90 मरीज इस साल अब तक सामने आए हैं। पिछले वर्ष 2024 में ऐसे 148 मामले सामने आए थे।
सर्वाइकल कैंसर, पेट का कैंसर और ब्रेन ट्यूमर, मूत्राशय कैंसर, गुर्दे (वृक्क कोशिका) कैंसर, फेफड़े का कैंसर, लिंफोमा, अग्न्याशय का कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, त्वचा कैंसर, गर्भाशय कैंसर सहित विभिन्न कैंसर शामिल हैं।
जांच नहीं कराने से बढ़ जाती है कैंसर स्टेज
नागरिक अस्पताल से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजू गर्ग ने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में लक्षणों की पहचान कर समय पर जांच कराने से रोग पर नियंत्रण पाया जा सकता है। लेकिन अक्सर महिलाएं स्तन में गांठ, त्वचा का रंग बदलना या दर्द जैसे संकेतों को मामूली समझकर नजरअंदाज कर देती हैं, जिससे कैंसर की स्टेज बढ़ जाती है। साथ ही महिलाएं कई बातों के प्रति जागरूक नहीं होतीं। उन्होंने बताया कि स्तन कैंसर में कई मामलों में लक्षण दिख सकते हैं जैसे कि छाती में गांठ महसूस होना या उस हिस्से में त्वचा में कुछ बदलाव दिखना और दर्द महसूस होना। इन सभी लक्षणों के दिखने पर महिलाओं को तुरंत जांच करानी चाहिए।
- सिगरेट, सिगार, पाइप पीने से बढ़ रहा जोखिम
वहीं, नागरिक अस्पताल से वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलबीर ने बताया कि तंबाकू, गुटखा और शराब सेवन से मुंह व गले के कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लोग लंबे समय तक सिगरेट, सिगार, पाइप पीने या चबाने वाले तंबाकू जैसे गुटखा और खैनी का उपयोग करते हैं जिससे मुंह और गले के कैंसर का खतरा काफी बढ़ जाता है। शराब का अत्यधिक सेवन भी मुंह और गले के कैंसर का खतरा बढ़ता है। साथ में शराब का अधिक सेवन पेट में कैंसर का जोखिम बढ़ाता है। महिलाओं में सौंदर्य निखार का सामान त्वचा कैंसर को बढ़ावा देता है। उन्होंने बताया कि आजकल के युवा तंबाकू और सिगरेट की चपेट में आते जा रहे हैं जिन्हें इससे जागरूक होने की जरूरत है क्योंकि यह गलती उनका पूरा भविष्य खराब कर सकती है।
- नागरिक अस्पताल में आज जागरूकता कार्यक्रम
जागरूकता की कमी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को कैंसर जागरूकता शिविर लगाया जाएगा। इसमें विशेषज्ञ डॉक्टर लोगों को प्रारंभिक जांच, रोकथाम और जीवनशैली सुधार के उपायों के बारे में जानकारी देंगे। विभाग का लक्ष्य है कि जिले में कैंसर के मामलों की शुरुआती पहचान बढ़ाई जाए ताकि समय रहते इलाज शुरू किया जा सके।