करनाल। जिले के 10 कॉलेजों में पीजी कोर्सों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सोमवार से दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू होगी। विद्यार्थियों को आवेदनपत्र में हुई त्रुटियों को ठीक करने का अवसर भी दिया जाएगा। 28 जुलाई तक ऑनलाइन दस्तावेजों का सत्यापन और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची और 30 जुलाई को पहली फाइनल मेरिट सूची जारी होगी।
पीजी कोर्सों में दाखिले के लिए इस बार कई कॉलेजों में सीटों के मुकाबले भी आवेदन नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में कॉलेजों के सामने सभी सीटों को भरना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कम आवेदन का असर खासकर उन पाठ्यक्रमों में देखने को मिल रहा है, जिनमें विद्यार्थियों की रुचि कम है। कॉलेजों की ओर से अब आगामी काउंसिलिंग प्रक्रिया के माध्यम से अधिक से अधिक सीटें भरने पर जोर रहेगा। 30 जुलाई को फाइनल मेरिट सूची जारी होगी। चयनित विद्यार्थियों को 31 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रथम काउंसिलिंग के लिए फीस जमा करनी होगी।
पहले चरण के बाद रिक्त रहने वाली सीटों को भरने के लिए 3 अगस्त तक फिजिकल काउंसिलिंग की जाएगी। इसके बाद 4 अगस्त को पंजीकरण और संशोधन के लिए पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। पांच से 11 अगस्त तक रिक्त सीटों पर 100 रुपये लेट फीस के साथ फिजिकल काउंसिलिंग होगी। वहीं 12 से 18 अगस्त तक भी रिक्त सीटों के लिए प्रतिदिन 100 रुपये लेट फीस के साथ फिजिकल काउंसिलिंग जारी रहेगी।
राजकीय कन्या महाविद्यालय की एडमिशन नोडल अधिकारी वंदना ने बताया कि आवेदन कम प्राप्त होने से दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तारीख में बदलाव किया जा सकता है। अगर तारीख में बदलाव नहीं होगा तो सीटों को भरना चुनौतीपूर्ण होगा और काफी सीटें रिक्त होंगी।
प्रवेश प्रक्रिया
27 जुलाई तक आवेदन पत्र में संशोधन कर सकेंगे
28 जुलाई ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन एवं आपत्तियों का निस्तारण होगा
प्रथम चरण (पहली मेरिट)
29 जुलाई को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची होगी जारी
30 जुलाई को फाइनल मेरिट सूची जारी
31 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रथम काउंसिलिंग के लिए फीस जमा
-द्वितीय चरण (फिजिकल काउंसिलिंग)
3 अगस्त तक रिक्त सीटों के लिए फिजिकल काउंसिलिंग
4 अगस्त को पंजीकरण व संशोधन के खुलेगा दोबारा पोर्टल
5 अगस्त से 11 अगस्त तक रिक्त सीटों पर फिजिकल काउंसिलिंग (100 रुपये लेट फीस के साथ)
12 अगस्त से 18 अगस्त तक रिक्त सीटों पर फिजिकल काउंसिलिंग प्रतिदिन 100 रुपये लेट फीस के साथ