हरियाणा के कुरुक्षेत्र में प्रदेश के एक मात्र शक्तिपीठ श्रीदेवीकूप भद्रकाली मंदिर में नवरात्रोत्सव का भव्य शुभारंभ मां भगवती की विशाल शोभायात्रा से हुआ। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष आशा हुड्डा ने शोभायात्रा को झंडी दिखा कर रवाना किया।
नगर भर में भ्रमण के बाद यह शोभायात्रा देर शाम वापस शक्तिपीठ पहुंची और श्रीदेवीकूप भद्रकाली मंदिर में ज्योति स्थापना की गई। शोभायात्रा से पहले आशा हुड्डा ने झांसा रोड पर स्थित मां भद्रकाली चौक पर बने महाशक्तिद्वार का उद्घाटन किया।
शोभा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर आशा हुड्डा ने कहा कि मां भद्रकाली की पूजा सही मायनों में तभी सफल होगी, जब मां भगवती का प्रत्येक भक्त अपने घर की बहू-बेटियों का सम्मान करेगा और कन्या भ्रूण हत्या रोकने में अपनी भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि मां भद्रकाली मंदिर में आने वाले हर श्रद्धालु को कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों को जड़ से समाप्त करने की शपथ लेकर ही घर जाना चाहिए। इससे पहले हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष आशा हुड्डा ने 25 लाख की लागत से निर्मित मां भद्रकाली महाशक्ति द्वार का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर पीठ अध्यक्ष पंडित सतपाल शर्मा ने हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष आशा हुड्डा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। आज सुबह सबसे पहले श्री देवी कूप अश्व स्थापना पूजन किया गया और गुरु मां सरबती देवी प्रतिमा का अनावरण किया गया तथा यमुनानगर के उपायुक्त मंदीप बराड़ ने भव्य शोभा यात्रा ज्योति पूजन में भाग लिया।
पवित्र ज्योत पर शीश नवाने उमड़ी भीड़
बैंड बाजों, ढोल ढमाकों और आतिशबाजी के बीच मां भगवती की शोभायात्रा की भव्यता देखते ही बनी। शोभायात्रा के लंबे काफिले के मध्य में मां भगवती की पवित्र ज्योति रथ शामिल रहा। इस रथ पर विराजमान मां भगवती का स्वरूप और ज्योति को नतमस्तक होने के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में उमड़े। ज्योति रथ में सवार देवांशु शर्मा, स्नेहिल शर्मा, शिवा एवं आर्यन ने प्रसाद वितरण किया।
जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत
भारतीय मूल के आस्ट्रेलिया वासी इंजीनियर पुनीत चौहान, अमर उजाला के प्रतिनिधियों और हिंदू हेल्प लाइन के प्रदेश संयोजक मदन मोहन छाबड़ा, कपिल कुमार ने सेक्टर-17 एलआईसी रोड पर जबकि कलावती मार्केट में अरुण गौड़ व रेलवे रोड मार्केट एसोसिएशन तथा विभिन्न जगहों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया और प्रसाद वितरित किया।
1100 कलशधारी महिलाएं शामिल हुईं
शोभायात्रा में देवी-देवताओं की करीब 51 झांकियों के अलावा मां का ध्वज एवं त्रिशूल लेकर अगुवाई करती महिला एवं पुरुष श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान 1100 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण नंगे पांव पूरे नगर में निकाली गई कलश यात्रा में भाग लिया।