करीब तीन दशक पहले धर्मक्षेत्र से न्याययुद्ध की शुरुआत करने वाले ताऊ देवीलाल की चौथी पीढ़ी ने शनिवार को कुरुक्षेत्र में हुंकार भरी। इस मौके पर ताऊ देवीलाल के पौते अभय चौटाला के अलावा पड़पौते दिग्विजय चौटाला, दुष्यंत चौटाला, कर्ण चौटाला एवं अर्जुन चौटाला ने युवा चेतना यात्रा को क्रांति यात्रा की संज्ञा दी।
गौरतलब है कि ताऊ देवीलाल ने संघर्ष के दौर में कई महत्वपूर्ण आंदोलन कुरुक्षेत्र से ही शुरू किए। आज उन्हीं के नक्शे कदम है ताऊ की चौथी पीढ़ी। राजनीतिक खेमों में ताऊ की चौथी पीढ़ी और चार भाइयों की चौकड़ी को लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। हालांकि इनेलो का विरोधी धड़ा इस चौकड़ी में ताऊ जैसा दम होने की बात से इत्तफाक नहीं रखता।
इनका कहना है कि ताऊ देवीलाल के स्वर्गवास को डेढ़ दशक होने जा रहा है। इस अवधि में जितने भी चुनाव हुए इनेलो बुरी तरह से धराशाई हुई। लिहाजा इनेलो के लिए सत्ता की चाबी मिलना नामुमकिन है। तर्क दिया जा रहा है कि इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला और उनके पुत्र डॉ.अजय सिंह चौटाला तथा इनेलो विधायक दल के उपनेता शेरसिंह बड़शामी भ्रष्टाचार के मामलों में सजा काट रहे हैं।
वहीं इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि इनेलो अपने जिस छात्र संगठन के भरोसे बड़े बदलाव की आस लगाए बैठा है, अभी उन्हें खुद बदलने की आवश्यकता है। इसका ताजा प्रमाण कुरुक्षेत्र से शुरू की गई युवा चेतना यात्रा के प्रचार से लगाया जा सकता है। इस यात्रा की प्रचार सामग्री में बड़े पैमाने पर होर्डिंग और पोस्टरों का उपयोग किया गया। इनेलो के छात्र विंग के नेताओं ने यह पोस्टर जहां लगाए, वे प्रतिबंधित जगह थीं।
अमर उजाला में खबर छपते ही उतरे पोस्टर
कुरुक्षेत्र-कैथल मार्ग पर जाट धर्मशाला द्वारा स्थापित धन्ना भगत की भव्य प्रतिमा के ठीक नीचे इनसो के पोस्टरों की भरमार दिखी। अमर उजाला ने 4 अक्तूबर को इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद इस जगह से पोस्टर उतार दिए गए। इसके अलावा भी ऐसी अनेक जगह थी जहां, युवा चेतना यात्रा के पोस्टर चस्पा कर इन जगहों की सुंदरता पर ग्रहण लगाया।
नमो स्टाइल में लगवाए भारत माता के जयकारे
दिग्विजय चौटाला ने अपने भाषण के अंत में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के दावेदार नरेंद्र मोदी के स्टाइल में दोनों हाथ उठाकर कई बार भारत माता का जयघोष किया और हजारों युवाओं से भी कराया।
पार्षद सहित कइयों की कटी जेब
केयू स्टूडेंट होम परिसर में युवा चेतना यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल जनसभा में युवा इनेलो राष्ट्रीय महासचिव बृज शर्मा तथा थानेसर के नगर पार्षद नरेंद्र निंदी सहित कइयों की जेब कटी। केयू के आदर्श थाना में शाम तक एफआईआर दर्ज कराने वालों की भीड़ लगी रही।
पार्षद निंदी के अनुसार उसके पर्स में चार हजार नगद, एमसी पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य जरूरी कागजात थे। वहीं युवा इनेलो कार्यकर्ता दलबीर सिंह सुनहेड़ी, गौरव शर्मा, करनाल वासी मोहित कुमार तथा अन्य पांच के एप्पल मोबाइल एवं पर्स चोरी हो गए।