कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल के अनवरत प्रयास से पिपली-थर्ड गेट सड़क बनने के बाद ढांड रोड पर करीब 300 मीटर के टुकड़े को दुरुस्त करने का काम भी शुरू हो गया है।
तीन साल पहले जब थर्ड गेट-ढांड रोड का निर्माण हुआ था तब कैथल जिले की सीमा पर स्थित यह टुकड़ा रह गया था। करीब 35 लाख रुपये की लागत से इस पर तेजी से काम चल रहा है जिसके एक महीने के अंदर पूरा होने का अनुमान है।
जिंदल हाउस से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक ढांड रोड पर पिंडारसी-पबनाबा क्षेत्र में करीब 300 मीटर लंबी सड़क का निर्माण अधूरा रह गया था।
तीन साल पहले जब यह सड़क बनाई जा रही थी तब इस टुकड़े का ठेका इस कारण नहीं हो सका था कि यह कैथल जिले में पड़ता है। बाद में इसका पता आसपास के गांव वालों को चला तो पिंडारसी के सरपंच रणधीर सिंह के नेतृत्व में उन्होंने सांसद नवीन जिंदल के समक्ष यह मामला उठाया। इसके बाद सांसद जिंदल ने अधिकारियों से इस सिलसिले में बातचीत की।
सांसद जिंदल के इस कदम के बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क की फिर से पैमाइश की तो पता चला कि 300 मीटर का टुकड़ा कुरुक्षेत्र जिले में ही पड़ता है। विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर फाइल आगे बढ़ाई जिसे स्वीकार करते हुए सरकार ने 35 लाख रुपये की मंजूरी प्रदान कर दी।
इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। पिंडारसी के सरपंच रणधीर सिंह ने इस कार्य के लिए सांसद नवीन जिंदल का धन्यवाद किया है। अभी तक यह टुकड़ा टूटा-फूटा और सिर्फ 18 मीटर चौड़ा था। अब यह 23 मीटर चौड़ा हो जाएगा। एक महीने के अंदर इस सड़क का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।