करनाल। गांव तारावली गामड़ी में खेत तक जाने वाले रास्ते की चौड़ाई पर विवाद में दो भाइयों भजन चंद और जगन्नाथ की पिटाई करने का आरोप है। मामले में एक ही परिवार के 11 लोगों को नामजद किया गया है। निगदू थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मोहड़ी जागीर निवासी भजन चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लक्ष्मणदास उसके खेत का पड़ोसी है। रास्ते की चौड़ाई पर विवाद चल रहा था। जुलाई में पंचायत हुई थी। खेत की जमीन में 15 फीट चौड़ा रास्ता छोड़ने का फैसला हुआ था। आरोप है कि 11 फीट का रास्ता निकाल दिया गया। 15 नवंबर को लक्ष्मणदास, मनजीत, रणजीत, मक्खन सहित 11 लोगों ने दोनों भाइयों को पीटा। मोबाइल फोन तोड़ दिया गया।
घटना के बाद भजन चंद उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निसिंग पहुंचा। वहां से चिकित्सकों ने उसे एक्सरे और आगे के इलाज के लिए करनाल रेफर कर दिया। पुलिस को 15 नवंबर की रात अस्पताल से मेडिकल सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया लेकिन उसने पहले इलाज करवाने की बात कही।
निगदू थाना प्रभारी सतीश ने बताया कि 16 नवंबर को भी उसने उपचार के लिए करनाल जाने और बाद में बयान देने की बात कही। पुलिस ने 17 नवंबर को एक्सरे रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद चिकित्सकीय राय लेने का प्रयास किया।
इसके बाद 19 नवंबर को भजन चंद के बयान दर्ज किए गए और उनकी वीडियो ई-साक्ष्य पर अपलोड की गई। इसके आधार पर वीरवार देर रात पुलिस ने लक्ष्मणदास, मनजीत, रणजीत, मक्खन, भग्गा बाई, पजनो, सरोज, बंतो, सत्या बाई, गुरनाम और नोनू को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।