गांव काछवा के बेहलोल पुर रोड पर ट्रेक्टर ट्राली पलटने से दो सगे भाईयों समेत तीन की मौत दो घायल।
करनाल। जर्जर काछवा-बहलोलपुर सड़क के कारण हुए हादसे में अबरार (28), खालिद (24) और फजरू (55) की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। सभी ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार थे। एक जगह पर सड़क टूटी हुई थी। ट्रैक्टर ट्रॉली का संतुलन बिगड़ा। चालक नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क से नीचे खेत में जाकर पलट गई। अबरार, खालिद और फजरू ट्रॉली के नीचे आ गए।
निसिंग थाने के सब इंस्पेक्टर कर्मबीर ने बताया कि हादसा बुधवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव उमरपुर निवासी पांच लोग करनाल में तूड़ी लेने के लिए आ रहे थे। ट्रॉली के पलटने पर दो लोग दूर गिरे जबकि अबरार, खालिद और फजरू ट्रॉली के नीचे आ गए। हादसे के बाद आसपास के खेतों और सड़क से गुजर रहे लोगों ने जब तक उनको बाहर निकाला, तीनों की मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि सूचना पर निसिंग थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें करनाल से ले गए। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपे जाएंगे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जर्जर सड़क के कारण ट्रैक्टर ट्रॉली का संतुलन बिगड़ा।
ग्रामीण बोले, पहले भी हो चुके हादसे
हादसे के बाद मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों में सड़क की खराब हालत पर रोष था। निदान सिंह, पप्पू, रमेश, सुनील ने बताया कि काछवा-बहलोलपुर रोड काफी समय से खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। पहले भी हादसे हो चुके हैं। सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों के सामने मांग उठाई जा चुकी है।