- डॉक्टरों का कहना कि बदलती जीवनशैली, खानपान में लापरवाही और कम शारीरिक सक्रियता बड़ी वजहें
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल।
जिले में मधुमेह के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले साल जहां 8 प्रतिशत लोग मधुमेह से पीड़ित पाए गए थे, वहीं इस साल अप्रैल से जुलाई तक यह अनुपात बढ़कर 18 प्रतिशत हो गया। यानी पिछले वर्ष की तुलना में मरीज सवा गुना हो गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वर्ष 2024–25 में कुल 1,42,388 लोगों की जांच हुई थी, जिनमें से 11,303 लोग मधुमेह से पीड़ित मिले थे। इस साल अप्रैल से जुलाई तक 14,906 लोगों की जांच में 2,661 मरीज पाए गए। विशेषज्ञों का कहना है कि बदलती जीवनशैली, खानपान में लापरवाही और कम शारीरिक सक्रियता इसकी बड़ी वजहें हैं। पिछले साल मधुमेह के मरीजों में 6,913 महिलाएं शामिल थीं। जो कुल मरीजों का करीब 61 प्रतिशत थीं। इस साल अब तक 1,388 महिलाएं मधुमेह से पीड़ित मिली हैं। जो कुल मरीजों का 52 प्रतिशत हैं।जिला नागरिक अस्पताल से वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलबीर का कहना है कि तनाव अधिक लेने और सामाजिक जिम्मेदारियों के चलते भी लोग सेहत पर ध्यान नहीं देते हैं। गलत खानपान या असमय भोजन करने की आदतें इस बीमारी को बढ़ावा देती हैं।
ये करें उपाय
चिकित्सकों के अनुसार दिनचर्या में बदलाव लाना जरूरी है। रोजाना 30 से 45 मिनट पैदल चलना, योग और अन्य व्यायाम किए जाएं। भोजन में मीठा, तली-भुनी और पैक्ड चीजें कम शामिल करें। साबुत अनाज, दालें, मौसमी फल और हरी सब्जियां खाएं। तनाव को कम करने के लिए योग और ध्यान का सहारा लें। 30 वर्ष से ऊपर के लोगों को साल में कम से कम एक बार मधुमेह की जांच करानी चाहिए।