करनाल। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के बड़े-बड़े दावों के बावजूद जिले में यूरिया खाद की किल्लत है। पिछले सप्ताह असंध तो अब इंद्री कस्बा क्षेत्र में कतार लग रही हैं। किसान परेशान हैं। वहीं विभाग का दावा है कि खाद का स्टॉक पूरा है। विक्रेता की कालाबाजारी के कारण ही दिक्कत हो सकती है।
उपनिदेशक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से लगातार खाद विक्रेताओं के साथ बैठक भी की जा रहीं हैं। निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को उनकी मांग व निर्धारित मात्रा के अनुसार उचित मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करवाई जाए। खाद किसी भी पड़ोसी राज्य और जिले में नहीं भेजी जाए। औचक निरीक्षण में अभी तक 19 दुकानदारों के लाइसेंस रद्द किए जा चुके हैं।
खरीफ फसलों के लिए जिला में करीब जिला में करीब 95 हजार मीट्रिक टन यूरिया और 20 हजार मीट्रिक टन डीएपी की आवश्यकता होती है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अनुसार जिले में अभी तक 76 हजार मीट्रिक टन यूरिया की खरीद हो चुकी है।
किसान यूनियन की ओर से किया जा रहा विरोध
जिला में असंध व इंद्री में खाद की किल्लत का मामला सामने आने से भारतीय किसान सर छोटू राम यूनियन के अध्यक्ष बहादुर मैहला की ओर से लगातार विरोध किया जा रहा है। उनका कहना है कि खाद की उपलब्धता न होने से प्राइवेट दुकानदार खाद के साथ जबरदस्ती कीटनाशक दवा दे देते है इसका किसानों को वित्तीय नुकसान है।