माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। करनाल में निर्माणाधीन रिंग रोड पर लिखित समझौते के मुताबिक सर्विस लेन न बनाए जाने से नाराज किसानों का धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता वयोवृद्ध किसान नेता सलामुदीन शेखपुरा जागीर ने की। किसानों ने कहा कि अगर समझौते के अनुसार सर्विस लेन नहीं बनाया गया तो हल्ला बोल आंदोलन होगा।
वहीं, भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों और ग्रामीणों के धरने का समर्थन किया। शुक्रवार को ग्रामीणों ने रिंग रोड के निर्माण कार्य को रुकवाकर अनिश्चितकालीन धरने की शुरुआत की थी। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण और किसान मौजूद रहे, जिन्होंने एनएचएआई और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने निर्माणाधीन रिंग रोड पर प्रदर्शन करते हुए चेताया कि अगर एनएचएआई के अधिकारियों ने समझौता लागू नहीं किया तो परिणाम गंभीर होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने आंदोलनकारी ग्रामीणों और किसानों से बातचीत कर कहा कि एनएचएआई के अधिकारियों की लापरवाही के कारण टकराव की स्थिति बन रही है। लिखित समझौता होने के बाद भी प्रशासन और एनएचएआई ने वादों को पूरा नहीं किया है। रतन मान ने शासन व प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक समझौते के अनुसार सर्विस लेन का निर्माण नहीं किया जाएगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द सामूहिक बैठक बुलाकर इस समस्या का समाधान किया जाए।
- भाजपा सरकार बेवजह ही बुजुर्गाें को कर रही परेशान
भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने कहा कि हरियाणा में स्व. चौधरी देवीलाल ने वृद्धों का सम्मान करते हुए अपने शासनकाल में वृद्धों के लिए बुढ़ापा सम्मान भत्ता लागू किया था। अब पेंशन कटने से वृद्धजन आर्थिक और मानसिक संकट में आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बेवजह ही वृद्धजनों को परेशान कर रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि काटी गई पेंशन तुरंत बहाल की जाए। अन्यथा भारतीय किसान यूनियन की ओर से आंदोलन किया जाएगा।
- 9 को करनाल किसान भवन में होगी किसान पंचायत
भाकियू प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से हजारों बुजुर्गों की काटी गईं बुढ़ापा पेंशन के मुद्दे सहित आने वाली 9 फरवरी को किसान भवन करनाल में चर्चा की जाएगी और आंदोलन की नई रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने सभी भाकियू पदाधिकारियों और पेंशन खत्म किए जाने से प्रभावित बुजुर्गों को किसान पंचायत में पहुंचने की अपील भी की। इस मौके पर भाकियू के उत्तरी हरियाणा प्रभारी मेहताब कादियान, प्रदेश संगठन सचिव श्याम सिंह मान, महासचिव राजेंद्र राणा, कार्यालय सचिव राजकुमार नौतना, चांदवीर, शक्ति सिंह, बबलू सोहाना आदि मौजूद रहे।