कुरुक्षेत्र में कर्मचारी संगठनों की हड़ताल के चलते बुधवार को जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। कुरुक्षेत्र के मेन बस अड्डे सहित थानेसर, पिपली, पिहोवा, शाहाबाद तथा लाडवा के बस अड्डों पर बुधवार को वीरानी छाई रही।
इन बस अड्डों के बाहर खड़े यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए घंटों इंतजार के बाद सहकारी बसों और प्राइवेट वाहनों से सफर करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल, कॉलेज, ड्यूटी व दैनिक कार्यों पर बस से आवाजाही करने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हुई।
वित्तमंत्री निवास के बाहर हरियाणा मिनिस्टीरियल स्टाफ के 161 दिन से दिए जा रहे धरना के सामने से मुख्यमंत्री हरियाणा के काफिले का कर्मचारियों ने सड़क पर पंक्तिबद्ध होकर मुर्दाबाद के नारेबाजी से स्वागत किया।
लघु सचिवालय पर हरियाणा तालमेल कमेटी के अध्यक्ष बरखा राम जिला प्रधान हरियाणा कर्मचारी महासंघ व संतकुमार जिला प्रधान सर्वकर्मचारी संघ के नेतृत्व में हड़ताल की गई। राज्य व्यापी हड़ताल में विभिन्न संगठनों से जुड़े कर्मचारियों ने समर्थन किया। लाडवा में शिक्षण संस्थान, जनस्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग आदि पूर्णत: बंद रहे।
तालमेल कमेटी के सदस्य एवं इंटक यूनियन के प्रदेश महासचिव सतपाल रोहिला व दूसरे कर्मचारी नेता तड़के 3:00 बजे कुरुक्षेत्र के मेन बस अड्डे पर रोडवेज यूनियन के नेताओं इकट्ठे हुए और नारेबाजी की। इन नेताओं ने बसों को डिपो से बाहर नहीं जाने दिया, जिसकी वजह से वर्कशाप में बड़ी संख्या में बसे इकट्ठी हो गईं। तालमेल कमेटी ने कहा कि जब तक 3519 निजी परमिट रद नहीं होने तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
उधर केयू में भी कुंटिया ने हड़ताल का समर्थन करते हुए कलम और औजार छोड़ हड़ताल रखी, जिसकी वजह से दफ्तरों में सन्नाटा छाया रहा और केयू में वर्किंग डे के दौरान छुट्टी जैसा माहौल रहा।
दो दिन की हड़ताल से 25 लाख की होगी क्षति
कुरुक्षेत्र डिपो की विभिन्न रूट पर चलने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों की प्रतिदिन की आमद करीब साढ़े 12 लाख रुपये हैं। डिपो से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार और वीरवार को होने वाली हड़ताल से सिर्फ कुरुक्षेत्र डिपो को 25 लाख से अधिक के राजस्व का नुकसान होगा।
हड़ताल का जबरदस्त असर
पिहोवा में हड़ताल का जबरदस्त असर देखने को मिला। रोडवेज कर्मचारियों ने बस स्टैंड परिसर व बिजली कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी करके रोष जाहिर किया। इस अवसर पर निशान सिंह, प्रकट सिंह, रणजीत सिंह, अनिल गोस्वामी, सुरेश पाल, कांशी राम, जोगा सिंह, बलदेव सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुनील कुमार, रोहताश व अनिल कुमार सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित थे।