- जिले में 328 तक पहुंची डेंगू मरीजों की संख्या, अब 6177 घरों में मिला लार्वा, 3364 को नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 328 तक पहुंच चुकी है। इस सीजन के 109 यानी 33.23 प्रतिशत मरीज अक्तूबर के मात्र 23 दिनों में मिले हैं। जिससे डेंगू का खतरा अभी बरकरार है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की भी चिंता बढ़ गई है।
जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सोमवार को 9046 घरों में मच्छर के लार्वा की जांच की। जिनमें 55 घरों के विभिन्न स्थानों पर लार्वा मिला और 32 मकान मालिकों को विभाग की टीमों ने नोटिस थमाया। इसके साथ-साथ चार मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। ऐसे में अब जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 328 पहुंच चुकी है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब तक जिले के पांच लाख 54 हजार 307 घरों को चेक कर चुकी हैं। जिनमें अभी तक 6177 घरों में मच्छर का लार्वा मिला है और टीमों ने कुल 3364 मकान मालिकों को नोटिस थमाया है। उन्होंने बताया कि जिले में सर्वे के दौरान टीमों को मिले रहे बुखार से पीड़ित मरीजों की ब्लड स्लाइड बनाई जा रही है। टीमों ने अब तक एक लाख 57 हजार 859 ब्लड स्लाइड बनाई है।
इसी माह डेंगू से हुई थी एक मौत
इस सीजन में डेंगू से पहली मौत चार अक्तूबर को नागरिक अस्पताल की एक नर्सिंग अधिकारी की हुई थी। अब सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है। उसके बावजूद अधिकतर एसी व पानी डालकर कूलर चला रहे हैं। जबकि यह समय एसी व पानी डालकर कूलर चलाने का नहीं है। इससे मौसमी बीमारी के साथ-साथ डेंगू को स्वयं न्योता दे रहे हैं। अब लोगों को पूरी बाजू की कमीज व फूल पेंट पहनकर सोना चाहिए। जिससे मच्छरों से बचाव किया जा सके।
खंड अनुसार मिले डेंगू के मरीज
खंड केस
करनाल शहरी 155
असंध 09
घरौंडा 10
इंद्री 53
कुंजपुरा 31
निगदू 05
निसिंग 22
पाढा 12
सांभली 13
तरावड़ी 18
कुल 328
आयु वर्ग अनुसार केस
आयु वर्ग केस
0-5 06
6-15 48
16-45 202
45 प्लस 72
कुल 328