पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ गई। इससे शहर में लगातार तीन घंटे जाम लगा रहा। इससे लोगों को खासी परेशानी हुई। इस दौरान वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। कई स्कूल बसें, एंबुलेंस और अन्य वाहन भी जाम में फंसे रहे। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में पुलिस कर्मचारियों की संख्या रूटीन से कम दिखाई दी। शहर के तंग इलाके में प्रदर्शन करने की मंजूरी देने पर भी प्रशासन के खिलाफ रोष जताया गया।
शनिवार को शहर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में पानीपत, करनाल और कुरुक्षेत्र तीन जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इससे शहर का आवागमन थम सा गया और राहगीरों को प्रदर्शनकारियों के बीच ही फंसना पड़ा। प्रशासन ने जाम से निपटने के लिए कोई खास प्रबंध नहीं किए गए।
इस कारण लोगों को अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। रामलीला ग्राउंड से लेकर लघु सचिवालय तक जाने का समय 15 मिनट का है, जबकि प्रदर्शन 12 बजे शुरू होकर सचिवालय में तीन बजे पहुंचा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन रेलवे रोड स्थित रामलीला मैदान से शुरू होकर प्रदर्शनकारी कमेटी चौक, कुंजपुरा रोड, अस्पताल चौक से होते हुए लघु सचिवालय पहुंचा। इसी दौरान रेलवे रोड, कमेटी चौक, कुंजपुरा रोड पर मुख्य बाजार की ओर से आने और जाने वाले लोगों के वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ वाहन चालक अपना मार्ग बदलकर निकले तो वहां पर भी कुछ देरी के बाद जाम लग गया। इससे क्षेत्र के लोग इस समय घरों से बाहर नहीं निकल पाए।