- लोग बोले- चहारदीवारी टूटने से असुरक्षा का माहौल, समस्याओं का समाधान न हुआ तो तेज करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित क्राउन सिटी टाउनशिप के बाशिंदों ने रविवार को कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि यहां सुविधाओं का अभाव और अव्यवस्थाओं का आलम है। रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि क्राउन सिटी की चहारदीवारी टूटी है, यहां बाहरी लोगों का आना-जाना रहता है। इस कारण से असुरक्षा का माहौल है।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द उनकी समस्या का समाधान नहीं होता तो वह एसडीएम कार्यालय जाकर ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। टाउनशिप में रहने वालों ने बताया कि क्राउन सिटी की परिधि चहारदीवारी बीते दो महीनों से टूटी है। इससे टाउनशिप में रहने वाले सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा की कोई जिम्मेदारी नहीं है, इस कारण से रात के समय अजनबियों की आवाजाही और पालतू जानवरों का प्रवेश आम बात हो चुकी है। आलम यह है कि यहां दिनभर रहने वाली महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भय के माहौल में जी रहे है। लोगों ने आरोप लगाया गया कि कॉलोनी में लगे पेड़ काट कंपनी की ओर से बेच दिए गए हैं, जिससे हरियाली प्रभावित हुई है। दूसरी ओर, पार्कों की हालत जर्जर है। यहां न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है।
सड़कें बदहाल, मुश्किल हुई डगर
प्रदर्शनकारी निवासियों ने बताया कि कॉलोनी की अधिकतर सड़कों की हालत खराब है। जगह-जगह गड्ढे हैं, इस कारण बारिश में यहां जलभराव की समस्या रहती है। लोगों का कहना है कि यहां की सभी सड़कें बदहाल होने से उनके फ्लैट तक जाने की डगर भी मुश्किल हो गई है। टाउनशिप में न तो निरंतर सफाई होती है और न ही कूडा डालने के लिए कूड़ेदान की व्यवस्था है।
बिजली आपूर्ति नहीं सुचारु
लोगों का कहना है कि क्राउन सिटी में बिजली की मुख्य लाइने कंडम होने से यहां निरंतर फाल्ट हो रहे है। इस कारण से लोगों के घरेलू उपकरण खराब हो रहे है। कंपनी लोगों से आठ रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिल वसूल रही है। बावजूद इसके लोग लगातार बिजली कट और तकनीकी फाल्ट से लोग परेशान है। गर्मी में तापमान बढ़ते ही यहां बार-बार बिजली कट शुरु हो जाते है। अनियमित वोल्टेज के कारण रोजाना बिजली उपकरण सड़ रहे है।