संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। गांव कलहेड़ी के स्कूल में प्रशिक्षु अध्यापक द्वारा छात्राओं से अश्लील टिप्पणी और अभद्र व्यवहार करने के मामले ने तूल पकड़ लिया शुक्रवार को सैकड़ों ग्रामीण एसडीम कार्यालय पहुंचे और स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने एसडीएम से अध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उनके बच्चों को स्कूल में न आने की धमकी दी। जिसके चलते उन्होंने शुक्रवार को अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। इस विवाद के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की जाएगी।
गत सोमवार को गांव कलहेड़ी के सरकारी स्कूल में एक प्रशिक्षु अध्यापक पर स्कूल के छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करने व एक छात्रा से अश्लील टिप्पणी करने का आरोप लगा था। स्कूली बच्चों ने अध्यापक की इस हरकत के बारे में परिजनों को अवगत कराया तो गुस्साए परिजन स्कूल पहुंच गए और अध्यापक के खिलाफ नारेबाजी कर टीचर के साथ मारपीट भी की थी।
लोगों का आरोप है कि वीरवार को गांव के कुछ लोगों ने गांव के मंदिर से यह फरमान जारी कर दिया कि सरकारी स्कूल में कोई भी एससी समाज का बच्चा घुसने नहीं दिया जाएगा। इसके बाद वे गांव में पंचायत कर घरौंडा थाने पहुंच गए। पीड़ित परिवार के कुछ लोगों के खिलाफ स्कूल प्रशासन के साथ मिलकर शिकायत दी। पीड़ित पक्ष के लोगों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह जैसे ही उनके बच्चे स्कूल जाने लगे तो गांव के कुछ लोगों ने उन्हें स्कूल में जाने से रोक दिया। जिसके बाद सुबह करीब 11 बजे पीड़ित पक्ष एसडीएम कार्यालय पहुंचा और नारेबाजी की ग्रामीणों ने एक ज्ञापन स्कूल प्रबंधक व अध्यापक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए भी सौंपा।
इसके बाद ग्रामीण एकत्रित होकर घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार से मिले व लिखित में शिकायत दी। शिकायत के बाद एसडीएम अभय सिंह जांगड़ा व थाना प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ कलहेड़ी गांव के सरकारी स्कूल में पहुंचे और स्कूल प्रशासन से बातचीत की। जिसके बाद उन्होंने पीड़ित पक्ष के लोगों को बुलाकर बातचीत व आश्वासन दिया कि बच्चों को स्कूल में पढ़ने से कोई नहीं रोक सकता है। शनिवार से स्कूल परिसर में पुलिस तैनात रहेगी वहीं प्रशासन भी पूरी नजर रखेगा। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और बच्चों को स्कूल भेजने पर राजी हुए।
थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि गांव कलहेड़ी के सरकारी स्कूल में चल रहे अध्यापक विवाद को लेकर दोनों पक्षों ने शिकायत दी है। मामले की जांच की जा रही है। स्थिति को देखते हुए स्कूल में पुलिस तैनात की जाएगी।