माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का जज्बा अब हर वक्त बच्चों को प्रेरित करेगा। मंगलवार को उनके शौर्य को समर्पित वॉल ऑफ वेलर (शौर्य दीवार) का लोकार्पण किया गया। उनके स्कूल संत कबीर विद्यालय में यह दीवार बनाई गई है। दीवार पर बलिदानी विनय की निशानियों ने लोगों में जोश भर दिया।
हरियाणा शहीदी दिवस के अवसर शौर्य दीवार के लोकार्पण करने पहुंचे लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के पिता राजेश नरवाल ने कहा कि स्कूल ने अपना फर्ज निभाया है। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि सरकार किसी संस्थान को विनय का नाम देती है तो वह सहयोग के रूप में अपने बेटे के हिस्से की संपत्ति भी देंगे।
संत कबीर विद्यालय में मंगलवार को लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की याद में बनी वॉल ऑफ वेलर का विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और विनय के पिता राजेश नरवाल व सैन्य अधिकारियों ने लोकार्पण किया। विद्यालय परिसर में सेना, हरियाणा पुलिस और एनसीसी की ओर से फोर्स आर्म्ड प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैन्य हथियार प्रदर्शित किए गए। साथ ही बेस कैंप व युद्ध के समय होने वाली स्थिति के बारे में भी विद्यार्थियों व लोगों को रूबरू कराया गया। पहलगाम हमले के बाद चले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस्तेमाल किए गए ड्रोन, हैंड ग्रेनेड, राइफल, रॉकेट लॉन्चर और रोबोटिक डॉग सहित अन्य हथियार व उपकरणों ने विद्यार्थियों और शहर के लोगों में जोश भरा।
नौसेना ने चक्र और यूनिट ने स्मृति चिह्न भेजा
वॉल ऑफ वेलर में स्कूल की ओर से विनय की वर्दी और कैप सुशोभित की गई है। जो आकर्षण का केंद्र रही। इस खास दीवार के लिए नौसेना की ओर से चक्र भेजा गया है। कोच्चि यूनिट की ओर से विनय के पूरे सफर पर आधारित स्मृति चिह्न भेजा गया है। इसमें फोटो के अलावा, जॉइनिंग डेट, तिरंगा, बैच और नेम प्लेट लगी हुई है।
बलिदानी बेटे के नाम दीवार देख भावुक हुए पिता, बोले- यह मेरी कमाई
बलिदानी विनय के पिता राजेश नरवाल बेटे के जीवन पर आधारित मेमोरी वॉल देखकर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह मेरे जीवन की कमाई है। बेटा आज भी हमारे बीच में है और अब नई पीढ़ी को देश की सेवा के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि सरकार विनय के नाम से कोई बड़ा संस्थान जैसे- करनाल के नए सरकारी अस्पताल का भवन या विश्वविद्यालय करे। ताकि बेटा हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहे। उसकी खूबियां और काम से नई पीढ़ी प्रेरणा ले। उन्होंने अपने मोबाइल से वॉल की वीडियो भी बनाई।