इंद्री। समोरा गांव निवासी चेतक शर्मा का शव अमेरिका से जल्द भारत लाया जाएगा। मंगलवार को अमेरिका में उनका मृत्यु प्रमाणपत्र जारी हो चुका है, अब परिवार ने शव को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चेतक शर्मा लगभग दो वर्ष से अमेरिका में रह रहे थे और वहां उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से अचानक मृत्यु हो गई थी। रिश्ते में मृतक के ताऊ व ब्राह्मण सभा इंद्री के पूर्व प्रधान सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि चेतक अमेरिका में एक स्टोर पर कार्यरत थे और उनकी मृत्यु की खबर मिलने के बाद परिवार सदमे में है। मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त होने से शव को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। स्थानीय प्रशासन और परिजनों की मदद से सभी औपचारिकताएं पूरी हो रही हैं। शव के भारत पहुंचने पर समोसा गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पिता सुनील शर्मा ने बताया कि चेतक डंकी रूट के जरिये अमेरिका पहुंचा था। करीब 60 लाख रुपये का खर्च आया। इसके लिए कई जगह से ऋण लिया गया था। सात महीने की मशक्कत के बाद चेतक अमेरिका पहुंचा था।