वार्ड 10 निवासी लापता सोमनाथ का शव पानीपत के गांव उरलाना में गुरुद्वारे के समीप मिला है। परिजनों ने मृतक की पत्नी पर पड़ोसी युवक के साथ मिलकर सोमनाथ की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पत्नी से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने सोमनाथ की पत्नी की ही शिकायत पर पति के लापता होने पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया है।
मृतक सोमनाथ के जीजा बलराम शर्मा समेत परिजनों ने आरोप लगाया कि सोमनाथ के घर एक युवक का आना-जाना था। वह युवक सोमनाथ की गैरमौजूदगी में भी उसकी पत्नी के साथ कई बार देखा गया। आशंका है कि पत्नी ने ही उस युवक के साथ मिलकर सोमनाथ की हत्या करा दी है। सोमनाथ पंजाब के लुधियाना सिटी में एक फैक्टरी में नौकरी करता था। इस कारण वह बहुत कम घर आता था। एक मार्च की रात जब उन्होंने सोमनाथ की पत्नी से सख्ती से पूछताछ की तो कबूल किया था कि उसने 21 फरवरी को पड़ोसी युवक व उसके भतीजे के साथ मिलकर सोमनाथ का चेहरा व हाथों को तेजाब से जलाया और गला घोंटकर हत्या की थी। दो दिन तक उसका शव घर में ही रखा। इसके बाद तीनों ने मिलकर शव 23 फरवरी को पानीपत के गांव उरलाना के समीप गुरुद्वारे के समीप गड्ढे में दबा दिया ताकि किसी को शक न हो। वहीं पत्नी ने 21 फरवरी को असंध थाना पुलिस को सोमनाथ के गुम होने की शिकायत दी थी। 24 फरवरी को पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। जिसका शव मंगलवार को मिला।
सोमनाथ की पत्नी ने 21 फरवरी को पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका पति गुम हो गया है। 24 फरवरी को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पानीपत के गांव उरलाना में सोमनाथ का शव मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलासा होगा कि सोमनाथ की हत्या की हुई है या नहीं।
-कमलदीप, थाना प्रभारी असंध।