गांव मथाना में 100-100 वर्ग गज के प्लॉट न मिलने वाले बीपीएल कार्डधारकों
ने लघु सचिवालय में डीसी निखिल गजराज को कांफ्रेंस हॉल से निकलकर ऑफिस की
ओर जाते समय घेर लिया।
डीसी को अपनी समस्या सुनाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि
बीपीएल कार्डधारकों के लिए प्लॉट की स्कीम को आए काफी समय बीत चुका है।
उन्होंने डीसी को बताया कि उनके आसपास के गांवों में 100-100 वर्ग गज के
प्लॉट कट चुके हैं और उनकी रजिस्ट्रयां भी हो चुकी हैं, वहीं गांव मथाना
में सरपंच ने अब तक किसी भी आवेदक को प्लॉट काट कर नहीं दिए। बीपीएल कार्ड
धारकों ने उपायुक्त से गुहार लगाते हुए मांग की कि उन्हें अन्य गांवों की
तरह प्लॉट काटे जाएं। इस मौके पर गांव मथाना से सुमेर चंद, सुरेश कुमार,
बलदेव, रणजीत सिंह, कर्मवीर, मानसिंह, पाला राम, बलवीर, सतपाल, रघबीर सिंह
सहित गांव के कई व्यक्ति मौजूद रहे। इनमें रमेशो देवी, दर्शनी देवी, ओमी
देवी आदि महिलाएं भी शामिल थीं।
चेक करेंगे क्यों नहीं मिले प्लॉट : डीडीपीओ
डीडीपीओ
गगनदीप सिंह ने बताया कि उन्हें 100-100 वर्ग गज के प्लॉटों के संबंध में
उपायुक्त की ओर से निर्देश मिले हैं। इस पर कार्रवाई की जाएगी और जांच की
जाएगी कि गांव मथाना में अब तक किसी भी आवेदक को प्लाट क्यों नहीं मिले।
कोर्ट की ओर से लगा है स्टे : अशोक
गांव
मथाना के सरपंच अशोक कुमार का कहना है कि 100-100 वर्ग गज के प्लॉटों पर
अभी कोर्ट ने स्टे लगा रखी है। उन्होंने बताया कि इन प्लॉटों के लिए
संबंधित आवेदकों का सर्वे किया जाएगा।