संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। इंद्री स्थित शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय मटक माजरी में वीरवार को तीन दिवसीय क्षेत्रीय युवा महोत्सव में डीएवी पीजी महाविद्यालय ने विभिन्न विधाओं में 20 से अधिक पुरस्कार जीत जिलेभर में नाम रोशन किया है। प्राचार्य प्रोफेसर डाॅ. रामपाल सैनी ने बताया कि 48वें क्षेत्रीय युवा महोत्सव में विद्यार्थियों ने क्लासिकल इंस्ट्रूमेंटल सॉलो से लेकर रसिया, सांग और मिमिक्री से लेकर और हरियाणवी नृत्य जैसी विभिन्न विधाओं में दमदार प्रस्तुतियां दीं।
प्राचार्य प्रोफेसर डाॅ. रामपाल सैनी ने कहा कि विद्यार्थियों ने हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान को सच्चे शब्दों में मंच पर उतारा है। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरे महाविद्यालय की सामूहिक लगन, अनुशासन और सृजनात्मक सोच का परिणाम है। डाॅ. आरपी सैनी ने कहा कि यह युवा महोत्सव केवल प्रतियोगिता का मंच नही, यह एक ऐसा अवसर है जहां युवा कलाकार न केवल अपनी कला प्रस्तुत करते हैं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक संदेश और संस्कृति सरंक्षण की भावना को भी आगे बढ़ाते हैं।
उन्होंने समस्त प्रबधंक समिति और प्रधान नाथी राम गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग, संसाधनों और प्रेरणा ने विद्यार्थियों को उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने लिए सक्षम बनाया है। प्राचार्य डाॅ. सैनी ने डीएवी एजुकेशन सोसाइटी, सभी शिक्षकों और गैर शिक्षकों को बधाई दी और महाविद्यालय परिसर में मिठाई बंटवा कर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक डाॅ. लवनीश बुद्धिराजा, डाॅ. पूनम वर्मा, डाॅ. बलराम शर्मा, डाॅ. अंशु, डाॅ. मोनिका, डाॅ. आशीष, डाॅ. रेखा, डाॅ. प्रतिभा, डाॅ. सुनील व अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।