कुरुक्षेत्र। अंबाला छावनी के वार हीरोज स्टेडियम में 26 सितंबर को आयोजित खेल महाकुंभ की राज्य स्तरीय रिदमिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-तीन कुरुक्षेत्र की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय की तीन छात्राओं ईशा, रिद्धि और सिरतदीप कौर ने भाग लिया और पूरे जिले का नाम रोशन किया।
टीम की सदस्य ईशा, जो कि कक्षा 10 की छात्रा है, ने व्यक्तिगत रूप से भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ईशा ने ओवरऑल तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए। इसमें ओवरऑल प्रतियोगिता में एक कांस्य पदक, टीम, हूप और बॉल इवेंट में तीन रजत पदक, तथा क्लब और रिबन इवेंट में दो कांस्य पदक शामिल हैं। प्रधानाचार्या गीतिका जसूजा ने कोच रितु भारती, सभी प्रतिभागी छात्राओं और उनके अभिभावकों को इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी।